Tuesday, October 20th, 2026

CM ने मुझे मारने को गुंडे भेजे; आरिफ मोहम्मद ने लगाए गंभीर आरोप

तिरुवनंतपुरम:

अपने खिलाफ एसएफआई के विरोध प्रदर्शन पर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री मुझे शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाने के लिए यह साजिश रच रहे हैं, जैसा कि उन्होंने कन्नूर में किया था। एसएफआई कार्यकर्ता सीएम के निर्देश पर मुझे शारीरिक रूप से चोट पहुंचाने के लिए आए थे।

एसएफआई कार्यकर्ताओं ने एक आधिकारिक समारोह में भाग लेने के बाद लौटते समय राज्यपाल के काफिले को रोक दिया था। इस बात से नाराज राज्यपान ने कहा कि आज गुंडे तिरुवनंतपुरम की सड़कों पर राज करने की कोशिश कर रहे हैं। जब वे आये तो मैंने अपनी कार रोकी और मैं अपनी कार से नीचे उतर गया। उन्होंने मेरी कार को दोनों तरफ से टक्कर मारी। क्या वे किसी को सीएम की कार के पास आने देंगे? पुलिस उन्हें जानती थी लेकिन जब सीएम उन्हें निर्देश दे रहे हों तो पुलिस क्या कर सकती है। यह सीएम हैं, वह साजिश कर रहे हैं और वह इन लोगों को मुझे शारीरिक रूप से चोट पहुंचाने के लिए भेज रहे हैं।

राज्यपाल का आरोप- मुख्यमंत्री इस साजिश का हिस्सा
उन्होंने सीएम पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री इस साजिश का हिस्सा हैं, तो यह पुलिस क्या कर सकती है। उन्होंने कहा कि वह अपराधियों को सड़क पर शासन करने की अनुमति नहीं देंगे। खान को अपना वाहन रोकते और प्रदर्शनकारियों को चुनौती देने के लिए कार से बाहर निकलते देख सुरक्षा अधिकारी हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने अपना आपा खोते हुए पुलिस अधिकारियों से पूछा कि क्या मुझे यही सुरक्षा कवर दिया गया है?

'मारपीट करने की खुली छूट दी'
एक पुलिस अधिकारी को खान को शांत करने में कड़ी मेहनत करनी पड़ी, जबकि अन्य ने एसएफआई कार्यकर्ताओं का पीछा किया, जो राज्यपाल के वाहन तक आने में कामयाब रहे और उन पर हाथ उठाते देखा गया। इसके बाद खान ने एक बार फिर विजयन पर अपना गुस्सा जाहिर किया और यह कहते सुने गए कि ऐसा लगता है कि सीएम ने एसएफआई कार्यकर्ताओं को उनके साथ मारपीट करने की खुली छूट दे दी है। उन्होंने पूछा कि क्या किसी को भी सीएम के वाहन के पास पहुंचने की अनुमति दी जाएगी?"

 

Source : Agency

पाठको की राय