सीएम ने दिया सूरजपुर डीएम को तत्काल हटाने का आदेश
सूरजपुर
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में लॉकडाउन के दौरान कलेक्टर को युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारना भारी पड़ गया। कलेक्टर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि किसी भी अधिकारी का शासकीय जीवन में इस तरह का आचरण स्वीकार्य नहीं है। इस घटना से क्षुब्ध हूं मैं नवयुवक व उनके परिजनों से खेद व्यक्त करता हूं।
सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, "सोशल मीडिया के माध्यम से सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा द्वारा एक नवयुवक से दुर्व्यवहार का मामला मेरे संज्ञान में आया है। यह बेहद दुखद और निंदनीय है। छत्तीसगढ़ में इस तरह का कोई कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं."
दवा लाने जा रहा था युवक
गौरतलब है कि शनिवार को सूरजपुर में लॉकडाउन के दौरान एक युवक पर्चा लेकर दवाई लेने मेडिकल स्टोर जा रहा था। इसी बीच कलेक्टर रणवीर शर्मा लॉकडाउन का जायजा ले रहे थे।इस दौरान सड़कों पर लोगों की आवाजाही देख वह गुस्साए गए। उनकी नज़र युवक पर पड़ी। उन्होंने अपने सुरक्षा गार्डों से उसे रोकने को कहा। जब वह युवक कलेक्टर के पास आया तो वह मोबाइल पर दवा वाला पर्चा दिखाने लगा।
कलेक्टर ने युवक को जड़ा थप्पड़
इससे नाराज कलेक्टर रणबीर शर्मा ने उसे थप्पड़ जड़कर मोबाइल नीचे फेंक दिया। थोड़ी देर बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। रविवार को मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए कलेक्टर को हटाने के निर्देश दे दिए।
गौरव कुमार सिंह बने सूरजपुर के नए कलेक्टर
सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के बाद अब गौरव कुमार सिंह को जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है. इस संबंध में राज्य सरकार ने आदेश जारी किया है. वहीं, रणवीर शर्मा को मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर भेजा दिया गया है. रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव कुमार सिंह को अब नई जिम्मेदारी दी गई है.
बता दें कि रणबीर शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था जिसमें वह लॉकडाउन के दौरान बाहर निकले एक युवक के मोबाइल को तोड़ते और फिर उसे चाटा मारते दिख रहे थे. वीडियो वायरल होने के बाद रणबीर शर्मा की काफी निंदा हो रही थी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर लगातार उन पर कार्रवाई का दबाव बन रहा था.

पाठको की राय