सीएम नीतीश ने पुलिस द्वारा होटलों में कमरे की तलाशी लेने को बताया सही, कहा- इसमें गलत क्या है
पटना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पुलिस को ऐसी शिकायतें मिली है कि शादी समारोह में शराब पिलाने का भी इंतजाम रहता है। इसको लेकर पुलिस ऐसे मामलों पर छापेमारी कर रही है। इसमें किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। जब कोई गड़बड़ करता ही नहीं है तो फिर उस पर चिंता करने की क्या जरूरत है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गड़बड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री सोमवार को आयुर्वेद और तिब्बी कॉलेज का मुआयना करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। बता दें कि होटल में आयोजित शादी समारोह के दौरान पुलिस द्वारा कमरे की तलाशी लिए जाने का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो को राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि बिहार में शराब कैसे व क्यों पहुंच रही है,कौन पहुंचा रहा है? उसकी जांच और खोजबीन नहीं लेकिन उल्टा सनकी सरकार महिलाओं को ही परेशान कर रही है।
बता दें कि शराबबंदी के बावजूद शराब पीने व बेचने के मामले में रविवार को भी पटना जिले में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। देर रात तक चली छापेमारी में रेलवे गार्ड, होटल मैनेजर, जिम ट्रेनर, पेंटिंग ठेकेदार, वेटर, डिलीवरी ब्वॉय, दो होटल कर्मी समेत कुल 55 आरोपित गिरफ्तार किए गए। इस दौरान 80 से अधिक होटलों, गेस्ट हाउस, लॉज और 12 से अधिक स्लम बस्तियों में भी छापेमारी कर तीन सौ लीटर अंग्रेजी, देसी शराब व केन बीयर जब्त की गई, जबकि देहात क्षेत्रों के दर्जनों गांवों में शराब की दहक रही सैकड़ों भट्ठियों को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया। छापेमारी की कार्रवाई देर रात तक जारी रही।

पाठको की राय