Sunday, October 25th, 2026

सीएम नीतीश का कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने का निर्देश

पटना 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने का निर्देश स्वास्थ विभाग को दिया है। ताकि अधिक-से-अधिक संक्रमितों का पता चल सके।  साथ ही उन्होंने टीकाकरण कार्य में और तेजी लाने को भी कहा है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की व कई निर्देश अधिकारियों को दिए। कहा, संक्रमितों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो, यह सुनिश्चित करें। स्वास्थ विभाग इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से बेहतर प्रबंधन के साथ काम करे। सरकार की तरफ से राशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 18 वर्ष से अधिक और 45 वर्ष से कम उम्र  के लोगों का भी टीकाकरण शुरू किया गया है। राज्य सरकार की तरफ से  नि:शुल्क टीकाकरण कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अधिक-से-अधिक लोगों के टीकाकरण के लिए तेजी से कार्य करें। सभी लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति सजग और सचेत रहना है। लोग मास्क का प्रयोग जरूर करें। आपस में दूरी बना कर रखें। 

वहीं कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर पंचायती राज विभाग ने राज्य की ग्राम पंचायतों में कार्यरत वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समितियों को कई कार्य सौंपे हैं। इस बाबत सभी जिलों को सोमवार को विभाग द्वारा आदेश भी जारी कर दिया गया है। विभाग ने पूरी तत्परता से तुरंत इस पर अमल का निर्देश दिया है। इन समितियों को कहा गया है दूसरे राज्यों से कोई व्यक्ति गांव में आते हैं, इसकी सूचना तत्काल बीडीओ तथा वहां के चिकित्सा पदाधिकारी को दें। सूचना मिलने के बाद बीडीओ और चिकित्सा पदाधिकारी आगे की कार्रवाई करेंगे। साथ ही वार्ड समिति अध्यक्ष को यह भी निर्देश है कि अगर कोरोना को लेकर जारी नियमों का कोई उल्लंघन करता है, इसकी सूचना स्थानीय थाना को तत्काल दें। ऐसे लोगों पर तुरन्त कार्रवाई हो।

 

#सीएम नीतीश

Source : Agency

पाठको की राय