सीतलकूची घटना पर CM ममता बनर्जी का कथित ऑडियो वायरल, 'शवों के साथ रैली की तैयारी करो...
कोलकाता
पश्चिम बंगाल में शनिवार (17 अप्रैल) को पांचवें चरण के लिए 45 सीटों पर चुनाव है। ऐसे में चुनाव से ठीक एक दिन पहले सोशल मीडिया पर टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्ची का एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है। इस वायरल ऑडियो क्लिप को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं ने शेयर किया है। वायरल ऑडियो क्लिप को लेकर दावा किया जा रहा है कि ये बातचीत टीएमसी उम्मीदवार और ममता बनर्जी के बीच की है। कथित तौर पर बीजेपी ने दावा किया है कि इस वायरल ऑडियो क्लिप में ममता बनर्जी सीतलकूची से टीएमसी उम्मीदवार से कथित तौर पर कहती हुई सुनाई दे रही हैं कि, ''घबराओ मत, सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा चलाई गई गोली से मारे गए 4 लोगों के शवों के साथ रैलियों की तैयारी करो।'' ऑडियो क्लिप के वायरल होने के बाद टीएमसी ने इसे फर्जी ऑडियो क्लिप बताया है।
टीएमसी ने कहा है कि बीजेपी इस फर्जी ऑडियो क्लिप को जानकर वायरल कर रही है। ममता बनर्जी और टीएमसी उम्मीदवार के बीच इस तरह की कोई बातचीत नहीं हुई है। हालांकि ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता का सत्यापन अभी तक नहीं हो पाया है। ऑडियो क्लिप को शुक्रवार (16 अप्रैल) की शाम को बीजेपी द्वारा शेयर किया गया है। ममता बनर्जी के कथित ऑडियो को बीजेपी की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर किए हैं।

पाठको की राय