Sunday, October 25th, 2026

सीएम हेल्पलाइन: परफारमेंस सुधरा लेकिन 5 जिले अब पीछे

भोपाल
सीएम हेल्पलाईन में स्कूल शिक्षा विभाग का ओवरआल परफारमेंस सुधरा है और विभाग सी से बी ग्रेड में आ गया है लेकिन मैदानी अफसर सुधरने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश के पांच जिलों को पीछे रहने पर डी ग्रेड मिला है। इसको लेकर आयुक्त ने फटकार लगाई है और तेजी से काम करते हुए स्थिति सुधारने के निर्देश दिए है। स्कूल शिक्षा विभाग का इकलौता सीहोर जिला सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में अव्वल रहने पर ए ग्रेड में रहा है।

सीहोर जिले को एक ग्रेड में आने पर आयुक्त लोक शिक्षण ने उन्हें बधाई दी है। वहीं खरगौन, बुरहानपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी डी ग्रेड में है। खंडवा, शाजापुर, उज्जैन और बैतूल को सीएम हैल्पलाईन की शिकायतों को सुलझाने में सी ग्रेड मिला है।  इन सभी जिलों को लगातार काम कर अपनी स्थिति सुधारने के लिए निर्देशित किया गया है।

एक हजार से उपर शिकायतें तो उपसंचालक से मिलकर कराएं निराकरण
जिन जिलों में एक हजार से उपर शिकायतें एल-4 लेवल पर लंबित है उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे संचालनालय के संबंधित उप संचालक से संपर्क कर इन शिकायतों का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए गए है। स्कूल शिक्षा विभाग सीधे आमजन से जुड़ा हुआ है इसलिए इनकी शिकायतें सीएम हेल्पलाईन पर पहुंचने पर सरकार की जमकर किरकिरी होती है।

इसलिए जिन जिलों में लगातार शिकायतें बढ़ रही है उनकों ताकीद किया गया है कि वे अपने जिले की शिकायतों की लगातार सुनवाई कर उन्हें शून्य करें। किसी भी शिकायत को फोर्स क्लोजर नहीं किया जाए। शिकायतों का निराकरण उपभोक्ता की संतुष्टि के साथ करने को कहा गया है। इसके बाद भी सुधार नहीं होंने पर संबंधितों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

 

#CM Helpline

Source : Agency

पाठको की राय