Friday, October 23rd, 2026

cm चौहान ने जनदर्शन यात्रा में नागरिकों से जानी योजनाओं की हकीकत

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सतना जिले में रैगांव से कोठी तक जनदर्शन यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री चौहान ने विभिन्न गाँवों में जनदर्शन करते हुये आमजनों से शासन की कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम धौरहरा, इटमा, गोपालगंज, सेमरिया, करसरा तथा रकसेलवा में ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने आमजनता से प्राप्त आवेदन पत्रों का मौके पर निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। जनदर्शन यात्रा में मुख्यमंत्री चौहान के साथ वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, सांसद गणेश सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक कल्याण राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा राजेन्द्र शुक्ल और अन्य जन-प्रतिनिधि शामिल रहे।

मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम धौरहरा में आमजनों से संवाद करते हुये कहा कि अब प्रत्येक भूमिहीन गरीब को मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के तहत जमीन के पट्टे दिये जायेंगे। आज रैगांव जनसभा में इस योजना की घोषणा की गई है। कलेक्टर पात्र परिवरों का शीघ्र सर्वे करायेंगे। ग्राम इटमा में मुख्यमंत्री चौहान का सरपंच मृत्युन्जय सिंह द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री चौहान ने आमजन की पेयजल समस्या के निदान के लिये जल जीवन मिशन से तीन स्थानों में बड़े बोर कराकर 93 लाख रूपये की लागत से नल जल योजना का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने नाले में रपटा निर्माण और हाई स्कूल भवन में मीटिंग हाल बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री चौहान ने धौरहरा से खमरिया मार्ग, सामुदायिक शौचालय निर्माण तथा 13 लाख रूपये की लागत से चार सड़कों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम श्रीनगर में संत रविदास के मंदिर का निर्माण किया जायेगा। गाँव के 389 परिवारों में जल जीवन मिशन से नल के कनेक्शन दिये जायेंगे।

जनदर्शन के अगले पड़ाव में मुख्यमंत्री चौहान ने ग्राम गोपालगंज में आदिवासी परिवारों से संवाद किया। उन्होने कहा कि सभी भूमिहीन गरीब परिवारों को घर बनाने के लिये जमीन के पट्टे दिये जायेंगे। जल जीवन मिशन से गाँव के हर घर में शीघ्र ही नल से जल पहुँचाया जायेगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ग्राम इटमा एवं गोपालगंज के कुल 343 घरों में नल से पेयजल की आपूर्ति के लिये 93 लाख रूपये मंजूर किये गये हैं। मुख्यमंत्री ने ग्राम करसरा और रकसेलवा में भी जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान आमजनता से संवाद किया। उन्होने आमजनों से निःशुल्क खाद्यान्न वितरण, पेयजल व्यवस्था और बिजली की आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली। ग्राम पैकौरी में मुख्यमंत्री चौहान ने आमजनता से पटिहर बांध के संबंध में दिये गये माँगपत्र का परीक्षण करने के निर्देश जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को दिये। उन्होने कहा कि पटिहर बांध का पुनः सर्वेक्षण कराके इसका इस्टीमेट बनाया जायेगा।

 

#CM Chouhan

Source : Agency

पाठको की राय