Monday, October 26th, 2026

आदिवासियों के हित को लेकर योजना का ऐलान कर सकते हैं सीएम

भोपाल
आदिवासियों के हित को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 9 अगस्त को किसी बड़ी घोषणा का ऐलान कर सकते हैं। इसको लेकर मुख्यमंत्री चौहान ने मंगलवार को भाजपा के आदिवासी विधायकों और भाजपा अजजा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने का फैसला किया है। बैठक में इस समाज की समस्याओं को लेकर चर्चा और समाधान पर डिस्कशन होगा।
 
9 अगस्त को आदिवासी दिवस है। प्रदेश में आदिवासियों के सम्मान में राज्य सरकार ने इस दिन अवकाश घोषित कर रखा है। मुख्यमंत्री चौहान इस दिन आदिवासियों को लेकर कोई ऐलान कर सकते हैं। इसके मद्देनजर भाजपा के सभी आदिवासी विधायक आज सीएम निवास में होने वाली बैठक में शामिल होंगे। इन विधायकों के अलावा भाजपा अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी और प्रदेश पदाधिकारियों को भी सीएम ने बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया है।

बताया जाता है कि बैठक में सीएम चौहान आदिवासी समाज की परम्परा को ध्यान में रखते हुए आदिवासियों की शिक्षा-दीक्षा और रोजगार के साथ उनके जीवन स्तर में बदलाव को लेकर सुझाव ले सकते हैं। इसके बाद आदिवासी हित में प्लानिंग कर उस पर अमल कराया जाएगा। आदिवासी वर्ग के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती नहीं हो पाने का मसला भी बैठक में उठ सकता है। इसके साथ ही विधानसभा सत्र के पहले कांग्रेस द्वारा आदिवासियों को बरगलाने की कोशिश पर तुषारापात के लिए भी विधायकों और पदाधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।

भाजपा की 24 जून को हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान यह मसला उठा था कि प्रदेश में एससी-एसटी वर्ग भाजपा को अच्छा तो मानता है लेकिन अपना नहीं मानता। इसके बाद राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत पार्टी के एससी-एसटी वर्ग के सीनियर नेताओं के साथ 25 जून को दिन भर इस पर मंथन हुआ था कि इन वर्गों को साधने के लिए सरकार और संगठन को क्या प्रयास करना है? इस दौरान यह भी तय हुआ था कि संगठन स्तर पर इन वर्गों को बढ़ावा देने के लिए जिला और मंडल की तर्ज पर बूथ लेवल पर मोर्चा कार्यकारिणी का गठन कर स्थानीय युवाओं को मौका दिया जाएगा। साथ ही इस समाज के लोगों के बीच बस्तियों में जाकर कार्यक्रम करने और इनके सुख दुख में सहभागी बनने का काम पार्टी के संगठन नेता और सरकार के मंत्री करेंगे।

 

#सीएम

Source : Agency

पाठको की राय