Thursday, October 22nd, 2026

कांग्रेस मीटिंग में गेम खेलते दिखे सीएम भूपेश

रायपुर.

भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उन दावों पर जवाब दिया है, जिसमें कहा गया था कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री कांग्रेस की मीटिंग के दौरान मोबाइल पर 'कैंडी क्रश' गेम खेल रहे थे। मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया है कि वह कैंडी क्रश खेल रहे थे। उन्होंने इसे अपना पसंदीदा खेल बताते हुए यह भी कहा कि यह मीटिंग से पहले की तस्वीर है। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके भौंरा चलाने और गिल्ली डंडा खेलने पर भी ऐतराज करती रही है।

भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए दावों के बाद बघेल ने एक्स पर लिखा, 'पहले भाजपा को ऐतराज था कि मैं गेड़ी क्यों चढ़ता हूं, भौंरा क्यों चलाता हूं, गिल्ली डंडा क्यों खेलता हूं, प्रदेश में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक क्यों हो रहे हैं? कल एक बैठक से पहले फोटो मिल गई जिसमें मैं कैंडी क्रश खेल रहा हूं। अब भाजपा को उस पर ऐतराज है। दरअसल उनको मेरे होने पर ही ऐतराज है। पर यह तो छत्तीसगढ़ के लोग हैं जो तय करते हैं कि कौन रहेगा कौन नहीं रहेगा। मैं गेड़ी भी चढूंगा, गिल्ली डंडा भी खेलूंगा। कैंडी क्रश भी मेरा फेवरेट है। ठीक-ठाक लेवल पार कर लिया हूं, वो भी जारी रहेगा। बाकि छत्तीसगढ़ को पता है कि किसे आशीर्वाद देना है।

अमित मालवीय ने  'एक्स' पर तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि उम्मीदवारों के चयन के लिए बुलाई गई कांग्रेस की बैठक में भूपेश बघेल अपने मोबाइल पर गेम खेल रहे थे। मालवीनय ने लिखा, 'छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी निश्चिंत हैं, उन्हें पता है कि कितनी भी माथा-पच्ची कर लें सरकार तो आनी नहीं है। शायद इसीलिए कांग्रेस के प्रत्याशी चयन से संबंधित बैठक में ध्यान देने के बजाय उन्होंने CANDY CRUSH खेलना उचित समझा।'

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस भूपेश बघेल सरकार के कामकाज के दम पर एक बार फिर सत्ता पाने की उम्मीद कर रही है तो भाजपा एक बार फिर यहां सरकार बनाने के लिए पूरा दमखम लगा रही है। कांग्रेस की छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा ने मंगलवार को कहा कि पार्टी की सेंट्रल इलेक्शन कमिटी 12 अक्टूबर को उम्मीदवारों के चयन के लिए बैठक करेगी, जिसमें अंतिम फैसला किया जाएगा। भाजपा छत्तीसगढ़ में दो लिस्ट जारी करके 90 में से 85 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। छत्तीसगढ़ में 7 और 17 नवंबर को दो चरण में मतदान होगा।

 

#CM Bhupesh seen playing game

Source : Agency

पाठको की राय