CM भगवंत मान ने स्वास्थ्य मंत्री की हरकत पर मांगी माफी
चंडीगढ़
पंजाब के फरीदकोट में स्थित बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर द्वारा इस्तीफा देने का मामला तूल पकड़ते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनसे माफी मांग ली है। अपने स्वास्थ्य मंत्री के व्यवहार पर माफी मांगते हुए मुख्यमंत्री ने डॉक्टर राज बहादुर से वाइस चांसलर के रूप में पद छोड़ने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए भी कहा है। दरअसल, फरीदकोट में स्वास्थ्य मंत्री चेतन सिंह जौरामाजरा ने गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल का दौरा किया। शुक्रवार को अपने दल-बल के साथ पहुंचे मंत्री ने अस्पताल में मरीजों के लिए बुनियादी व्यस्थाओं का जायजा लिया लेकिन अस्पताल में बेड की हालत देखकर वो नाराज हो गए। इस दौरान वीसी राज बहादुर भी उनके साथ मौजूद थे। मंत्री चेतन सिंह ने अस्पताल में गंदे बेड देखकर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद उन्होंने एक बेड में वीसी को लेटने के लिए कहा।
मंत्री के इस व्यवहार के बाद वीसी असहज नजर आए और मना किया। लेकिन बार-बार कहने पर वो बेड पर कुछ देर के लिए लेट गए। बताया जा रहा है कि मंत्री जी के व्यवहार के दुखी होकर वीसी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। डॉक्टर राज बहादुर द्वारा मान को शनिवार सुबह अपना इस्तीफा भेजे जाने के बाद सीएम ने डॉक्टर को फोन कर माफी मांगी। अपनी एक रिपोर्ट में दैनिक ट्रिब्यून ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सीएम ने डॉक्टर राज बहादुर से कहा कि वह चिकित्सा विज्ञान में उनके योगदान से अवगत हैं और उन्होंने मंत्री को इस तरह के व्यवहार के खिलाफ चेतावनी दी है। हालांकि, डॉ बहादुर ने कहा कि जिस तरह से उन्हें अपमानित किया गया, उसके बाद पद पर बने रहना मुश्किल था।
फिलहाल डॉ राज बहादुर अभी भी मरीजों के इलाज में जुटे हैं। वह मोहाली में रीजनल स्पाइनल इंजरी सेंटर में सर्जरी कर रहे हैं। इस्तीफे के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत करते हुए उनकी आंखों से आंसू छलक आए। उन्होंने खुद बताया कि मैंने सीएम को सब कुछ बता दिया है। यह काम करने लायक माहौल नहीं है। सीएम ने इस रवैये के लिए माफी भी मांगी है।

पाठको की राय