Wednesday, October 21st, 2026

सीएम अमरिंदर के तेवर सख्त, नहीं थम रही पंजाब कांग्रेस में रार 

चंडीगढ़
पंजाब कांग्रेस में सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच छिड़ी रार का अंत नहीं होता दिख रहा है। दोनों गुट माफी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। सीएम अमरिंदर ने भी अब सख्त तेवर अपना लिए हैं और वह सिद्धू को लेकर बिलकुल भी नरमी बरतने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। अब खबर है कि पंजाब सीएम जल्द ही सिद्धू समर्थक कांग्रेस विधायकों के खिलाफ कड़ा एक्शन ले सकते हैं। 

इनमें से एक विधायक हैं दर्शन बराड़, जो मोगा के कस्बा बाघापुराना से विधायक हैं। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, दर्शन बराड़ पर आरोप है कि उन्होंने होशियारपुर में सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से क्रैशर लगाकर लगातार अवैध खनन कर के सरकार को करोड़ रुपये का चूना लगाया है। इस मामले में बराड़ को दिसंबर 2020 में ही खनन विभाग की तरफ से नोटिस भेजा गया था और उनपर 1.65 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था।

हालांकि, तबसे ही दर्शन बराड़ अमरिंदर सिंह पर इस जुर्माने को वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं और वह चाहते हैं कि नोटिस भी वापस ले लिया जाए। मगर जब सीएम अमरिंदर ने ऐसा नहीं किया तो दर्शन बराड़ खुलकर नवजोत सिंह सिद्धू के समर्थन में आ गए। 
 अब एक बार फिर माना जा रहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह बराड़ से जुड़े केस की फाइल को खोल सकते हैं। खबरों के मुताबिक, आने वाले दिनों में बराड़ पर खनन विभाग की ओर से दबाव बढ़ सकता है और यहां तक कि कानूनी एक्शन भी लिया जा सकता है।
 

 

#सीएम अमरिंदर

Source : Agency

पाठको की राय