Monday, October 19th, 2026

11 महीने बाद मैदान पर उतरे फराह को क्लब रेसर ने हराया

लंदन
ग्यारह महीने बाद पहली प्रतियोगिता में उतरे चार बार के ओलंपिक चैंपियन मो फराह अनजान से क्लब रेसर 26 साल के इलिस क्रास से पिछड़कर दूसरे स्थान पर रहे। इलिस ब्रिटेन के एलीट एथलीटों में शामिल नहीं हैं।

39 साल के फराह ने विटालिटी लंदन 10 किमी रेस में 28 मिनट और 44 सेकंड का समय लिया। इलिस का समय उनसे दो सेकंड बेहतर रहा।  इससे पहले ब्रिटिश ओलंपिक इतिहास में ट्रैक स्पर्धाओं के श्रेष्ठ एथलीट फराह ने पिछली बार जून 2021 में हिस्सा लिया था।

'अब मैं जवां नहीं'
फराह के शानदार करियर को अब ढलान पर माना जा रहा है। वह टोक्यो ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर पाए थे। उन्होंने कहा कि 39 साल की उम्र में अब वह युवा नहीं रहे हैं। वह संकेत दे चुके हैं कि इस साल विश्व चैंपियनशिप, राष्ट्रमंडल खेल और यूरोपियन चैंपियनशिप में आखिरी बार देश की नुमाइंदगी करना चाहते हैं। रेस से पहले भी उन्होंने कहा था कि अगर आप शीर्ष स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं तो दौड़ने का कोई मतलब नहीं है।

मो फराह ने कहा- रेस काफी मुश्किल थी और इलिस ने अच्छा प्रदर्शन किया। आपको देखना होगा आप कहां हैं। देखना है कि आपका शरीर कितना साथ दे रहा है। अब मैं युवा तो नहीं रहा।

 

#Club Racer

Source : Agency

पाठको की राय