नागरिक आपूर्ति निगम खुले बाजार में बेचेगा 2 साल पुराना 7.5 टन गेहूं
भोपाल
मध्यप्रदेश में वर्ष 2020-21 में समर्थन मूल्य पर खरीदा गया साढ़े सात लाख मीट्रिक टन गेहूं अब नागरिक आपूर्ति निगम खुले बाजार में बेचेगा। इसके लिए आठ अप्रैल तक आॅनलाईन प्रस्ताव आमंत्रित किए गए है।
राज्य सरकार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में रबी विपणन वर्ष 2020-21 में समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदा था। उस समय किसानों को अतिरिक्त बोनस दिए जाने से केन्द्र सरकार ने यह गेहूं सेंट्रल पूल में लेने से मना कर दिया था। तब से यह गेहूं भंडार गृहों में रखा हुआ है। राज्य सरकार को इसके भंडारण पर भी भारी-भरकम राशि खर्च करना पड़ रहा है। इस गेहूं को खुले बाजार में बेचने के लिए नागरिक आपूर्ति निगम ने आठ अप्रैल तक देशभर की गेहूं खरीदने वाली एजेंसियां से आवेदन बुलाए हैं। तकनीकी बिड नौ अप्रैल और वित्तीय बिड 11 अप्रैल को खोली जाएगी।
पिछली बार भी राज्य सरकार को समर्थन मूल्य पर पौने सात लाख मीट्रिक टन गेहूं बेचने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। तीन से चार बार टेंंडर जारी करने के बाद यह गेहूं बिक पाया था।

पाठको की राय