50 हेक्टेयर भूमि पर 2 करोड़ से कलियासोत डैम में बनेगा सिटीफारेस्ट
भोपाल
कलियासोत डैम के पास वन विभाग अब बॉटनिकल गार्डन के पैटर्न पर सिटी फारेस्ट तैयार करने जा रहा है। भोपाल की बढ़ती आबादी और क्लाइमेंट चेंज को देखते हुए लहारपुर बॉटनिकल गार्डन की तर्ज पर नगर वन तैयार किया जाएगा। वन विभाग ने इसके लिए जगह चिह्नित कर ली है। यह पार्क 50 हेक्टेयर भूमि पर तैयार किया जाएगा।
गौरतलब है कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने देशभर में 200 नगर वन तैयार करने की घोषण की थी। मप्र ग्रीन इंडिया मिशन ने प्रदेश में 16 नगर वन तैयार करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। इनमें भोपाल को भी शामिल किया गया है। नगर वन का काम ग्रीन इंडिया मिशन के अंतर्गत भोपाल वन मंडल करेगा। इसके लिए केंद्र से 2 करोड़ का बजट आवंटित किया जाएगा।
अतिक्रमण पर भी नजर
राजधानी में तेजी से पेड़ों को काटकर राजस्व और वन भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। ऐसा ही एक इलाका है कलियासोत डैम के नजदीक। यहां की राजस्व भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए वन विभाग ने नगर वन के लिए इस स्थान का चयन किया है। भोपाल समरधा रेंजर शिवपाल पिपरदे के अनुसार यह वन भोपाल के पर्यावरण को बेहतर करेगा। साथ ही अन्य नगर वन की तरह भोपाल के आॅक्सीजन बैंक का भी काम करेगा। इस वन में अधिक से अधिक आॅक्सीजन देने वाले पौधे लगाए जाएंगे।
12 फीट ऊंची चेनलिंक फेंसिंग
कलियासोत डेम के पास अक्सर वन्य प्राणियों का मूवमेंट होता रहता है। यह क्षेत्र बाघ मूवमेंट इलाका है। इसलिए नगर वन की सीमा के चारों ओर 12 फीट ऊंची चेनलिंक फेंसिंग की जाएगी। इससे यह वन बाघ मूवमेंट से मुक्त होगा। छोटा मिश्रित वन भी तैयार किया जाएगा, ताकि यहां विभिन्न प्रकार के पक्षी डेरा डाल सकें। यहां पर करीब 50 हजार के आसपास पौधे लगाए जाएंगे। वर्तमान में भोपाल में 5 नगर वन हैं। इसमें लहारपुर बॉटनिकल गार्डन, एकांत पार्क, स्वर्ण जयंती पार्क, मोरवन शाहपुरा और मोरवन वन बैरागढ़ शामिल है।

पाठको की राय