Thursday, October 22nd, 2026

नरेंद्र मोदी के दुलार से गदगद हुए चिराग पासवान, बगल में खड़े देखते रहे चाचा पशुपति पारस

नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर दिल्ली में हुई एनडीए की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान के प्रति स्नेह जताया। चिराग ने पीएम मोदी के पैर छुए। फिर मोदी ने उनके सिर पर दोनों हाथ रखे और गले लगा दिया। पीएम मोदी के इस दुलार से चिराग पासवान गदगद हो गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया है। वहीं, चिराग के चाचा एवं केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस बगल में ही खड़े हुए ये सब देखते रहे। उन्होंने कोई रिएक्शन नहीं दिया। बता दें कि चाचा-भतीजा के बीच लंबे समय से अदावत चल रही है। चिराग की तीन सालों बाद एनडीए में वापसी हुई है।

लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो मंगलवार को दिल्ली में हुई एनडीए की बैठक का है। दरअसल, पीएम मोदी एनडीए के घटक दलों के नेताओं का अभिवादन कर रहे थे। तभी पीएम की नजर चिराग पासवान पर पड़ी। पीएम ने उन्हें पास बुलाया। चिराग ने प्रधानमंत्री के पैर छुए। पीएम मोदी ने उन्हें उठाकर दोनों हाथों से पकड़ा और गले लगा दिया। चिराग ने ट्वीट कर इस स्नेह के लिए पीएम मोदी का आभार जताया है।

चाचा पशुपति पारस से बनी बात?
एनडीए की बैठक में पीएम मोदी जब चिराग पासवान को गले लगा रहे थे, तभी बगल में केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस भी खड़े थे। चाचा पारस और भतीजे चिराग के बीच लंबे समय से अदावत है। रामविलास पासवान के निधन के बाद लोजपा में टूट हुई और चाचा-भतीजा आमने-आमने सामने हो गए थे। इसके बाद चिराग पासवान एनडीए से अलग हो गए। अब फिर से उनकी गठबंधन में वापसी हुई है। एनडीए की मंगलवार को हुई बैठक में चिराग ने पैर छुए तो पशुपति पारस ने भी उन्हें गले लगा दिया। मगर कुछ घंटे पहले ही दोनों ने हाजीपुर लोकसभा सीट पर लड़ने के लिए अपना दावा मजबूत किया था। इसलिए चाचा और भतीजे के बीच की बर्फ अभी तक पिघली है या नहीं, इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

मोदी के ‘हनुमान’ की एनडीए में वापसी
2020 में एनडीए से अलग होने के बावजूद चिराग पासवान का बीजेपी के प्रति प्रेम कम नहीं हुआ था। उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हनुमान भी बताया। एनडीए से अलग रहते हुए पिछले कुछ उपचुनावों में उन्होंने बीजेपी के लिए प्रचार भी किया। अब फिर से उनकी एनडीए में वापसी हो गई है। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में वे बीजेपी के साथ मिलकर लड़ेंगे।

 

#लोकसभा चुनाव 2024

Source : Agency

पाठको की राय