चीन का टीका बच्चों, किशोरों के लिए सुरक्षित और प्रभावी, 3-17 वर्ष के बच्चो पर हुआ ट्रायल
नई दिल्ली
चीन निर्मित कोविड रोधी टीके कोरोनावैक की दो खुराकें बच्चों और किशोरों के लिए सुरक्षित और प्रभावी हैं। इसके साथ ही यह मजबूत एंटीबॉडी बनाने में सक्षम हैं। एक अध्ययन में इसका खुलासा किया गया है। अध्ययन द लांसेट इन्फेक्शस डिजीज जर्नल में प्रकाशित हुआ है।
सिनोवैक निर्मित कोरोनावैक के 550 प्रतिभागियों पर किए गए पहले एवं दूसरे चरण के ट्रायल में पता चला कि अनुसंधान में शामिल 96 फीसदी से अधिक बच्चों और किशोरों को टीके की दोनों खुराक मिलने के बाद उनमें सार्स-सीओवी-2 के खिलाफ एंटीबॉडी विकसित हो गईं। अनुसंधानकर्ताओं ने बताया कि टीके के प्रतिकूल प्रभाव हल्के से लेकर मध्यम तक थे, जिनमें इंजेक्शन लगने के स्थान पर दर्द सबसे सामान्य लक्षण रहा।
चीन के सिनोवैक लाइफ साइंसेज के छियांग गाओ ने बताया, वयस्कों की तुलना में बच्चों और किशोरों में कोविड-19 के आमतौर पर मामूली लक्षण होते हैं या कई बार लक्षण होते ही नहीं हैं, लेकिन कुछ बच्चों को गंभीर लक्षण होने की भी आशंका है। उनके द्वारा अन्य लोगों के संक्रमित होने की आशंका है इसलिए कम उम्र के लोगों में कोविड-19 टीकों की प्रभाव क्षमता और सुरक्षा का परीक्षण करना आवश्यक है।

पाठको की राय