Wednesday, October 21st, 2026

Chile Wildfire: चिली के जंगलों में लगी भीषण आग, अब तक 46 लोगों की मौत, आबादी वाले इलाकों में फैलने का खतरा

वाशिंगटन.

दक्षिण अमेरिकी देश चिली में जंगल की आग ने विकराल रूप ले लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भीषण आग से 46 लोगों की मौत हो गई है और करीब 1,100 घर नष्ट हो गए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को हताहतों की जानकारी देते हुए कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। अभी तक बचाव दल वालपराइसो क्षेत्र के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में नहीं पहुंच सका है।

चिली की गृह मंत्री कैरोलिना तोहा ने कहा कि देश के मध्य और दक्षिण क्षेत्र में 92 जंगलों में आग लगी है। जंगल की आग से 43,000 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि आग घनी आबादी वाले क्षेत्रों की ओर फैल रही है। इस कारण लोगों, घरों और सुविधाओं के प्रभावित करने की बहुत अधिक आशंका है। चिली में गर्मियों के दौरान जंगल की आग आम बात है। पिछले साल यहां रिकॉर्ड गर्मी के दौरान लगी आग में 27 लोगों की मौत हो गई और 400,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि प्रभावित हुई थी। गृह मंत्री तोहा ने कहा कि इस बार आग वाला क्षेत्र पिछले साल की तुलना में बहुत छोटा है, लेकिन यह बहुत तेजी से फैल रही है। उन्होंने कहा, जंगल की आग के विना डेल मार (Vina del Mar) के तटीय रिसॉर्ट शहर में फैलने का खतरा है, जहां कुछ क्षेत्र पहले ही बुरी तरह प्रभावित हुए  हैं।

सड़कों पर दिख रही हैं जली हुई कारें
रिपोर्ट के मुताबिक, भीषण आग ने शहर के पहाड़ी इलाके विला इंडिपेंडेंसिया को अपनी चपेट में ले लिया है। सैकड़ों घर और व्यवसाय पूरी तरह से नष्ट हो गए और सड़कों पर जली हुई कारें खड़ी दिखाई दे रही हैं। एक पीड़ित व्यक्ति ने बताया, मैं यहां 32 साल से हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। व्यक्ति ने बताया कि उसने शुक्रवार दोपहर को पहली बार पास की पहाड़ी पर आग जलती देखी और 15 मिनट के भीतर पूरा इलाका आग की लपटों और धुएं से घिर गया। जिससे सभी लोगों को जान बचाने के लिए भागने को मजबूर होना पड़ा।

 

#46 people died#massive fire#Chile's forests#danger of spreading#population

Source : Agency

पाठको की राय