Wednesday, October 21st, 2026

मुख्यमंत्री का अगले तीन दिन में पृथ्वीपुर और जोबट में जनदर्शन

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज से प्रदेश के रैगांव, पृथ्वीपुर और जोबट विधानसभा क्षेत्रों में जनदर्शन और रोड शो के साथ विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। उपचुनाव की तैयारियों के मद्देनजर आज सीएम चौहान सतना जिले के रैगांव पहुंचे हैं जहां वे दिन भर जनदर्शन में शामिल होंगे।

इसके बाद कल ओरछा में रामराजा सरकार के दर्शन के बाद पृथ्वीपुर में जनदर्शन करेंगे। इस मौके पर भाजपा द्वारा इन विधानसभा सीटों के लिए नियुक्त किए गए संगठन पदाधिकारी और विधानसभा के लिए बनाए गए प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे। रविवार को सतना पहुंचने के बाद सीएम चौहान ने रैगांव विधानसभा के शिवराजपुर से जनदर्शन शुरू किया है। उनका द्वारी, बिलौंध, पिपरी, देवरी, आमा, नोनगरा, पनगरा, नारायणपुर और सिंहपुर में जनदर्शन कार्यक्रम है। इस दौरान वे केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों के साथ सीधा संवाद भी कर रहे हैं। साथ ही इस क्षेत्र में किए जाने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन और पूर्ण कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। सीएम की दो आमसभाएं शिवराजपुर और सिंहपुर में होना है। वहां से वे हेलिकाप्टर से खजुराहो जाएंगे और फिर भोपाल लौटेंगे। सीएम रैगांव विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तर के पदाधिकारियों की बैठक में भी शामिल होने वाले हैं। वे सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों व अधिकारियों की शिकायत के मद्देनजर निरीक्षण भी करने पहुंच सकते हैं।

सीएम चौहान सोमवार को निवाड़ी जिले के ओरछा पहुंचेंगे। यहां रामराजा सरकार के दर्शन के बाद सीएम पृथ्वीपुर और निवाड़ी के आधा दर्जन से अधिक गांवों में जनदर्शन और विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम 15 सितंबर को अलीराजपुर जिले के जोबट विधानसभा में भी जनदर्शन कार्यक्रम में शामिल होंगे। रैगांव, जोबट, पृथ्वीपुर विधानसभा और खंडवा लोकसभा सीट के लिए अगले माह चुनाव का ऐलान हो सकता है। इसके मद्देनजर सीएम की बैठकें और जन सभाओं के कार्यक्रम पार्टी के निर्देश पर शुरू किए गए हैं।

 

#Chief Minister

Source : Agency

पाठको की राय