मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बोलीं- देश को नहीं बनने दूंगी दूसरा तालिबान या पाकिस्तान
भवानीपुर
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को जोर देकर कहा कि वह देश को पाकिस्तान या तालिबान नहीं बनने देंगी। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भगवा पार्टी ने दावा किया है कि भवानीपुर में यदि टीएमसी जीती तो यह यह पाकिस्तान बन जाएगा। टीएमसी सुप्रीमो भवानीपुर से उपचुनाव लड़ रही हैं और मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उन्हें हर हाल में यह चुनाव जीतना होगा। बनर्जी ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा, ''मैं बीजेपी की नीति और राजनीति पसंद नहीं करती हूं। वे केवल धार्मिक आधार पर लोगों को बांटने की राजनीति करते हैं। नंदीग्राम में उन्होंने कहा था कि यह पाकिस्तान बन जाएगा (यदि टीएमसी जीती) और अब वह कह रहे हैं कि यह (भवानीपुर) पाकिस्तान बन जाएगा। यह शर्मनाक है।''
ममता बनर्जी ने मतदाताओं से अपने लिए वोट मांगते हुए कहा, ''मैं चाहती हूं कि मेरा देश मजबूत बने और मैं पूरी ताकत से अपनी मातृभूमि की रक्षा करूंगी। मैं नहीं चाहती कि भारत दूसरा तालिबान बने। मैं कभी अपने देश को पाकिस्तान नहीं बनने दूंगी।'' मस्जिद जाने को लेकर बीजेपी नेताओं की ओर से आपत्ति जाहिर करने की आलोचना करते हुए बनर्जी ने कहा कि भगवा कैंप को उनके गुरुद्वारा जाने से भी दिक्कत है। उन्होंने कहा, ''मैं मस्जिद गई थी, मैं गुरुद्वारा भी गई थी और बीजेपी को दोनों से समस्या है। मैं बीजेपी नेताओं की तरह राजनीति में धर्म को नहीं लाना चाहती हूं, जो केवल बंटवारे की राजनीति की भाषा समझते हैं।''
#Chief Minister Mamta Banerjee

पाठको की राय