मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल सदस्यों के साथ पचमढ़ी रवाना, बनेगा मिशन 2023 का रोडमैप
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज अपने मंत्रिमंडल सदस्यों के साथ पचमढ़ी रवाना होंगे। शनिवार और रविवार दो दिन यहां विकास और मिशन 2023 फतह पर चिंतन-मनन होगा। पचमढ़ी के पाइन प्लांटेशन में शिवराज कैबिनेट की बैठक होगी। इससे पहले आज मुख्यमंत्री ने द कश्मीर फाइल्स मूवी के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री के साथ पौधरोपण किया।
शिवराज सरकार मिशन 2023 फतह के लिए तैयार किए गए रोडमैप को पाइन के जंगल के बीच मंजूरी देगी। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार आज आधी रात के बाद पचमढ़ी पहुंचेंगे और शनिवार व रविवार को लगातार दो दिनों तक यहां विकास और राजनीतिक मुददों पर मंथन करेंगे।
यहीं पर सरकार कर्मचारियों के हित संवर्द्धन के साथ सामाजिक समरसता के मद्देनजर कुछ नई योजनाओं के ऐलान के निर्णय भी लेने वाली है। सीएम शिवराज और उनकी पूरी कैबिनेट शुक्रवार की रात 8 बजे मुख्यमंत्री निवास से पचमढ़ी के लिए बस से रवाना होगी। इसके बाद दो दिन तक पचमढ़ी में चिंतन होगा। सूत्रों का कहना है कि शिवराज कैबिनेट की बैठक के लिए पचमढ़ी के पाइन प्लांटेशन जंगल को चुना गया है। पाइन के पेड़ों के बीच टेंट के बीच यहां करीब 36 घंटे से अधिक समय तक बैठकों और मंथन का दौर चलेगा। अधिकारियों के अनुसार पचमढ़ी हिल स्टेशन है, इसलिए दूसरे स्थानों पर तेज गर्मी होने के बाद भी यहां गुलाबी ठंडक का अहसास पेड़ों के नीचे होता है।
चंपक बंगले के समीप स्थित इस जंगल में करीब सौ लोगों के बैठने, रुकने के हिसाब से नर्मदापुरम जिला प्रशासन द्वारा इंतजाम किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि यहां मंत्रियों के रुकने के लिए चंपक बंगले के अलावा ब्लेन व्यू, देवदारू, आर्क एंड मेन्योर समेत अन्य रिसार्ट बुक किए गए हैं।
मंत्री समूह देंगे प्रजेंटेशन
शिवराज कैबिनेट कल पहले दिन 12 अलग-अलग मंत्री समूहों की बैठक के प्रजेंटेशन देखेगी। इसके आधार पर सीएम शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के विकास और योजनाओं के भावी रोडमैप को लेकर अंतिम निर्णय लेंगे। इसके साथ ही सीएम चौहान इस चिंतन बैठक में मंत्रियों के परफार्मेंस को लेकर भी चर्चा करेंगे। साथ ही आने वाले डेढ़ साल में जनता को लाभ दिलाने वाले प्रस्तावों पर भी राजनीतिक और प्रशासनिक आधार पर निर्णय लिए जाएंगे।
14 समूहों को लेकर होगा मंथन: नरोत्तम
पचमढ़ी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में होंने जा रही कैबिनेट बैठक में रोजगार और विकास का एजेंडा तय किया जाएगा। इसके लिए आमजन से जुड़े हुए चौदह समूह बनाए गए है उन सभी पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। मंत्रालय मेें हुई अनौपचारिक बैठक की जानकारी देते हुए गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश और उसके समूहों में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए गांव, गरीब, किसान, माता बहनों के सम्मान और कानून व्यवस्था के लिए बनााए गये समूह अपनी प्रस्तुति देंगे।
एमपी टूरिज्म को खाने की व्यवस्था की जिम्मेदारी
शिवराज कैबिनेट के प्रवास के दौरान बरेली में जीके पैलेस में सीएम और मंत्रियों के खाने की व्यवस्था एमपी टूरिज्म को सौंपी गई है। यहां रायसेन जिला और पुलिस प्रशासन की टीम स्थानीय विधायकों व नेताओं के साथ सीएम और मंत्रियों की अगवानी करेगी। इसके साथ ही पचमढ़ी में भी एमपी टूरिज्म को ही मंत्रियों के रुकने और खाने पीने के इंतजाम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंत्रियों का कल का लंच पाइन ट्री जंगल में ही होना है और यहां प्रदेश के विभिन्न अंचल के प्रसिद्ध व्यंजन तैयार कर परोसने के लिए कहा गया है।
सच सामने लाने के लिए बनी द कश्मीर फाइल्स
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि द कश्मीर फाइल्स फिल्म घृणा फैलाने के लिए नहीं बल्कि सच सामने लाने के लिए बनाई गई है। इस फिल्म में यह सच सामने आया है कि किस तरह से कश्मीरी पंडितों पर अमानवीय व्यवहार किए गए हैं। इसलिए सरकार फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री के साथ है। साथ ही अग्निहोत्री के प्रस्ताव पर भोपाल में जेनोसाइड म्यूजियम बनाने के लिए जमीन और अन्य सभी सहयोग करने को तैयार है। सीएम चौहान ने ये बातें राजधानी के स्मार्ट पार्क में पौधरोपण के बाद कहीं। इस मौके पर विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि उन्होंने पौधरोपण के दौरान सीएम द्वारा रोपे गए दोनों ही पौधों का नाम शिव और शारदा रखने का आग्रह किया जिसे सीएम चौहान ने बिना सवाल किए तुरंत स्वीकार कर लिया। शिव और शारदा द कश्मीर फाइल्स के दो मुख्य पात्र रहे हैं। उनके नाम पर दो पौधे आज रोपे गए हैं।

पाठको की राय