Monday, October 26th, 2026

मुख्यमंत्री चौहान ने बरगद, गुलमोहर और सेमल के पौधे लगाए

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद के सदस्यों के साथ श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी उद्यान में बरगद, गुलमोहर और सेमल के पौधे लगाए। परिषद के प्रियांशु पांडे, डॉ. आशीष जोशी, डॉ. पार्थ सूर्यवंशी, रितेष टोकसे और आशुतोष गुप्ता साथ थे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ बेटी अमारा अंशुमन ने अपने जन्म-दिवस पर पौधा लगाया। बेटी अमारा के पिता स्वदेश न्यूज़ के कंसल्टिंग एडिटर अंशुमन खरे, उनकी पत्नी श्रीमती भूमिका तथा पुत्र आहान भी पौध-रोपण में सम्मिलित हुए।

विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद, सरस्वती शिशु मंदिरों से अध्ययन पूर्ण कर चुके छात्रों का संगठन है। इसमें 8 लाख 51 हजार पूर्व छात्र रजिस्टर्ड हैं। संगठन वृक्षा-रोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य तथा संस्कार केंद्रों से निःशुल्क शिक्षा के क्षेत्रों में वर्षों से देश में कार्य कर रहा है। वर्तमान में संगठन जनजातीय ग्रामों में सिकल सेल एनीमिया की जाँच के लिए मेडिकल केम्प लगाकर नि:शुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

पौधों का महत्व
बरगद का धार्मिक और औषधीय महत्व है। आयुर्वेद के अनुसार बरगद की पत्तियों, छाल आदि से कई बीमारियों का इलाज संभव है। इसका काढ़ा बनाकर पीने से इम्युनिटी बढ़ती है। गुलमोहर को विश्व के सुंदरतम वृक्षों में से एक माना गया है। इसकी सुव्यवस्थित पत्तियों के बीच बड़े-बड़े गुच्छों में खिले फूल वृक्ष को अलग ही आकर्षण प्रदान करते हैं। यह औषधीय गुणों से भी समृद्ध है। सेमल को संस्कृत में "शिम्बल" और "शाल्मलि" भी कहा जाता है। इसको आयुर्वेद में बहुत उपकारी औषधि माना गया है।

 

#Chief Minister

Source : Agency

पाठको की राय