मुख्यमंत्री चौहान ने नीम और करंज के पौधे रोपे
रहवासी समिति और पत्रकार धनोतिया ने भी किया पौध-रोपण
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में शिवलोक ग्रीन्स रहवासी कल्याण समिति के सदस्यों के साथ नीम और करंज के पौधे लगाए। वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक राजेंद्र धनोतिया ने अपने पिता स्व. रामचन्द्र धनोतिया की प्रथम पुण्य-तिथि पर उनकी स्मृति में पौधे लगाए। धनोतिया की माता श्रीमती लीला देवी धनोतिया तथा उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।
समिति द्वारा कॉलोनी में गीले कचरे से खाद बनाने और उस खाद का पेड़-पौधों में उपयोग करने के लिए कॉलोनीवासियों के सहयोग से अभियान चलाया और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जन-भागीदारी से सफाई संबंधी कार्य किये जा रहे है। समिति ने कॉलोनी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित कर सीवेज से प्राप्त उपचारित जल का उपयोग पेड़-पौधों और उद्यान में करने की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री चौहान के साथ पौध-रोपण में समिति के मोहन मिश्रा, श्रीमती उपमा मिश्रा, श्रीमती राखी अहिरवार, श्रीमती पूजा पटेल तथा रविशंकर गोस्वामी शामिल हुए।
आज लगाए पौधों में नीम स्वाद में भले ही कड़वा हो, लेकिन इससे होने वाले लाभ अमृत के समान होते हैं। पर्यावरण की दृष्टि से भी नीम बहुत उपयोगी है। करंज, आयुर्वेदिक चिकित्सा में महत्वपूर्ण माना गया है। करंज का उपयोग धार्मिक कार्यों में भी किया जाता है।

पाठको की राय