Sunday, October 25th, 2026

मुख्यमंत्री चौहान ने बच्चों के साथ लगाए बरगद और नीम के पौधे

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में बरगद और नीम के पौधे लगाए। शांति नगर और राजदेव कॉलोनी के बच्चे मनन, लव्या, भावेश और सौम्या ने भी पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान ने बच्चों की इस पहल की प्रशंसा की और उन्हें बरगद एवं नीम के महत्व के बारे में बताया। पौध-रोपण में कॉलोनी की वेलफेयर सोसायटी के सदस्य सर्वराकेश ग्रोवर, अमित मिश्रा और जय लालवानी भी सम्मिलित हुए।

सोसायटी द्वारा कॉलोनी में स्वच्छता एवं पर्यावरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए घर-घर से गीला एवं सूखा कचरा पृथक करने तथा कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का कार्य किया जा रहा है। समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाता है। सोसायटी द्वारा पर्यावरण-संरक्षण के लिए पौधे लगाने के साथ नागरिकों को पौध-रोपण के लिए प्रेरित किया जाता है।

आज लगाए गए बरगद के पेड़ को वट वृक्ष या बड़ भी कहा जाता है। बरगद का धार्मिक महत्व है। साथ ही आयुर्वेद के अनुसार बरगद के पेड़ से कई बीमारियों का इलाज संभव है। नीम का पेड़ बहुत उपयोगी है। एंटीबायोटिक तत्वों से भरपूर नीम को सर्वोच्च औषधि के रूप में जाना जाता है।

 

 

#बरगद और नीम के पौधे

Source : Agency

पाठको की राय