Sunday, October 25th, 2026

मुख्यमंत्री चौहान ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को दी बधाई

असफल विद्यार्थी निराश न हों, "रूक जाना नहीं" योजना पुन: तैयारी का अवसर देती है

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में सफल हुए विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने इन परीक्षाओं के घोषित होने जा रहे परिणामों के संदर्भ में विशेष संदेश में कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट आने वाले हैं। सफलता और असफलता परिस्थितियों पर निर्भर करती है। जो विद्यार्थी असफल रहे हैं, वे बिल्कुल चिंता न करें। आपको सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अवसर मिलते हैं। हताश या निराश नहीं होना है। मुख्यमंत्री चौहान ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता और असफलता में सम रहना है। कहा भी गया है कि, "क्या हार में क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं, कर्त्तव्य पथ पर जो मिला, वह भी सही यह भी सही।"

मुख्यमंत्री चौहान ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता-असफलता को सामान्य मानते हुए यह सोचे कि असफल हुए तो अगली बार गंभीरता से प्रयास कर के सफल होंगे। कोई तात्कालिक कारण और परिस्थितियाँ होती हैं, जिसकी वजह से हम अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने एक योजना प्रारंभ की थी, "रूक जाना नहीं"। यह योजना विद्यार्थियों को पुन: तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रदान करती है। असफल विद्यार्थी यह न माने कि साल व्यर्थ चला गया। उनका साल खराब नहीं होगा। जून में फिर परीक्षा दे सकेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कामना की कि ऐसे विद्यार्थी अगली बार अच्छी कोशिश करके जरूर सफल हो जाएंगे।

 

 

Source : Agency

पाठको की राय