Monday, October 26th, 2026

छत्तीसगढ़ की भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी ने स्वर्ण पदक जीता

रायपुर
स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू की गैरमौजूदगी में ज्ञानेश्वरी यादव ने  यहां राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप की महिला 49 किग्रा स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर घरेलू दर्शकों को जश्न मनाने का मौका दिया। छत्तीसगढ़ की 20 साल की ज्ञानेश्वरी ने स्नैच और क्लीन एवं जर्क दोनों वर्ग में अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।


पिछले साल अक्टूबर में एशियाई चैंपियनशिप में ज्ञानेश्वरी को पछाड़ने वाली हमवतन झिली डालबेहड़ा ने इस बार भी उन्हें कड़ी चुनौती दी। झिली ने 169 किग्रा (75 किग्रा और 94 किग्रा) वजन उठाकर पिछली बार की तरह रजत पदक जीता।

प्रदेश के पूर्व सीएम रमन सिंह ने ट्वीट कर छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई दी। ट्वीट में लिखा कि राष्ट्रमंडल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने स्वर्ण पदक अर्जित कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उनको इस उपलब्धि पर बहुत बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ, मैं आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।

 मीडिया से बातचीत में ज्ञानेश्वरी ने कहा कि, ‘‘मुझे ना केवल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने बल्कि अपने देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की भी खुशी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रतियोगिता से पहले मैं अच्छा महसूस नहीं कर रही थी। मुझे उल्टी आ रही थी।’’ स्पर्धा के दौरान 49 किग्रा वर्ग में मीराबाई और अन्य भारतीय भारोत्तोलकों के बीच का अंतर साफ दिखा।

 

Source : Agency

पाठको की राय