Thursday, October 22nd, 2026

छत्तीसगढ़ की दो टीकाकरण कर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर किया जाएगा सम्मानित

रायपुर
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण में उत्कृष्ट कार्य के लिए छत्तीसगढ़ की दो टीकाकरण कर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। कबीरधाम की सुश्री पिंकी खरे और रायगढ़ की श्रीमती प्रमिला देवांगन को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 8 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में कोरोना नियंत्रण में टीकाकरण कर्मियों के योगदान को रेखांकित करने के लिए देश भर से चयनित महिला टीकाकरण कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इनकी अथक मेहनत से देश में कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम को व्यापक सफलता मिली है। भारत के कोरोना टीकाकरण अभियान को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है।   

कबीरधाम जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी की टीकाकरण कर्मी सुश्री पिंकी खरे ने कोरोना टीकाकरण अभियान के दौरान 425 सत्रों में अकेले 70 हजार 333 टीके लगाए हैं। वहीं रायगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किरोड़ीमल नगर की श्रीमती प्रमिला देवांगन ने 402 सत्रों में अकेले 45 हजार 463 टीके लगाए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा कोरोना टीकाकरण के लिए तैयार कोविन एप्लीकेशन में दर्ज डॉटा के मूल्यांकन के आधार पर पुरस्कार के लिए प्रदेश की इन दोनों टीकाकरण कर्मियों का चयन किया गया है।

 

Source : Agency

पाठको की राय