Sunday, October 25th, 2026

छत्तीसगढ़-कोरबा में मामा के साथ घर से निकला भांजा लापता, तलाश में जुटी पुलिस

कोरबा/रायगढ़.

सर्वमंगला रेलवे फाटक में मालगाड़ी के पार होने का इंतजार कर रहे मामा-भांजा एक दूसरे से बिछड़ गए। किसी तरह मामा तो अपने ससुराल पहुंच गया लेकिन भांजा पांच दिन बीत जाने के बाद भी घर नहीं लौटा। उसकी बाइक रेलवे फाटक के समीप लावारिस हालत में खड़ी मिली। पड़ोसी जिले से परिजन कोरबा शहर युवक की तलाश में पहुंचे। उनकी मदद के लिए पुलिस ने भी हर संभव प्रयास शुरू कर दिया है।

भारत नगेसिया नामक युवक ने बताया कि वे रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना अंतर्गत राजापुर के रहने वाले हैं। उसका कटघोरा के समीप ग्राम लखनपुर में ससुराल है। वह अपने मुंह बोला भांजा विष्णु प्रसाद (32) के साथ छह दिन पहले कोरबा आया हुआ था। वे दोपहर करीब 12 सर्वमंगला रेलवे फाटक के समीप पहुंचे। वह बंद फाटक को पार कर दूसरी तरफ चला गया जबकि विष्णु बाइक लेकर फाटक खुलने के इंतजार कर रहा था। मालगाड़ी के निकलने पर विष्णु गायब मिला। वह काफी देर तक भांजे को तलाशता रहा। इसके बाद ऑटो रिक्शा में सवार होकर कोरबा पहुंचा। और यात्री बस में ससुराल लखनपुर पहुंच गया। लेकिन विष्णु का कुछ पता नहीं चल पाया। उसकी बाइक सर्वमंगला रेलवे फाटक के समीप लावारिस हालत में मिली है। परिजन विष्णु की खोजबीन कर रहे हैं लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

विष्णु की बहन का कहना है कि उसका भाई पहली बार गांव से कहीं बाहर निकाला था। उसके पास पैसे भी नहीं है और उसका मोबाइल बंद आ रहा है। सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल लैलूंगा थाने में संपर्क किया गया। जहां गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज है। युवक की तलाश की जा रही है।

 

#Chhattisgarh-Korba#Nephew missing

Source : Agency

पाठको की राय