Friday, October 23rd, 2026

छत्तीसगढ़-जगदलपुर में मेकाज के डॉक्टरों ने बांधी ब्लैक रिबन, कोलकाता के डॉक्टरों का समर्थन

जगदलपुर.

दो माह पहले हुई कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना को लेकर देश में अनाचारियों के खिलाफ लोगों ने आवाज उठाई। मामले की जांच करने के साथ ही आरोपियों को सजा दिलाने की बात कही गई, लेकिन मामले को दो माह बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई भी बड़ी कार्रवाई नही हुई। इस मामले को लेकर मेकाज के यूडीएफए ने भी अपना समर्थन देते हुए काली पट्टी बांधकर विरोध किया।

बताया जा रहा है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म एवं हत्या की वीभत्स घटना के दो माह बाद भी अभी तक पीड़िता को न्याय नहीं मिल पाया है। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कोलकाता के जूनियर डॉक्टर्स भूख हड़ताल पर बैठे हैं। यूडीएफए छत्तीसगढ़ ने पीड़िता के लिए न्याय की मांग की है और भूख हड़ताल पर बैठे जूनियर डॉक्टर्स को अपना पूर्ण समर्थन दिया है। यूडीएफए छत्तीसगढ़ ने राज्य भर में डॉक्टर्स से अपील की है कि वे सभी मेडिकल कॉलेज एवं अन्य अस्पतालों में ब्लैक रिबन बांधकर एक दिन के लिए काम करें और पीड़िता के लिए न्याय की पुकार का समर्थन करें। स्व. बलिराम कश्यप स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में सभी डॉक्टर्स ने इस मुहिम में हिस्सा लिया और ब्लैक रिबन बांधकर काम करते हुए महिला डॉक्टर को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। डॉक्टर्स के साथ-साथ महाविद्यालय के छात्र भी ब्लैक रिबन बांध कर कक्षाओं में उपस्थित हुए।

 

#Chhattisgarh-Jagdalpur#doctors in black ribbon

Source : Agency

पाठको की राय