Wednesday, October 21st, 2026

Chhattisgarh: भाजपा की तरह कांग्रेस भी दिग्गज नेताओं पर लगा रही दांव, बघेल-सिंहदेव लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव

रायपुर.

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों घोषित कर दिए हैं। भाजपा सूची आने के बाद कांग्रेसी खेमे में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से गुरुवार को केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। अनुमान यही लगाया जा रहा है कि इस बैठक के बाद कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित सूची जारी हो जाएगी। माना जा रहा है कि इस बार पार्टी कई दिग्गज नेताओं को लोकसभा के रण में उतार सकती है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे भूपेश बघेल और प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्रियों के नाम भी पैनल में है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने छत्तीसगढ़ की सभी सीटों पर फैसला ले लिया है। 4 मार्च को हुई बैठक में दावेदारों के नाम पर सहमति बन गई है। प्रदेश की 11 सीटों में से अब तक सिर्फ कोरबा संसदीय क्षेत्र के पैनल में ही मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत का नाम है। बाकी सभी 10 सीटों के लिए दो से चार नाम का पैनल बनाया गया है। इसमें ज्यादातर सीटों पर पार्टी के सीनियर नेताओं के नाम चर्चा में हैं। पैनल में पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री शिव डहरिया, सांसद ज्योत्सना महंत और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव के नाम शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि किसी पूर्व मंत्री ने लोकसभा चुनाव के लिए आवेदन नहीं किया था। जबकि कुछ दिग्गज नेताओं ने पीसीसी की जगह सीधे प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के समक्ष चुनाव लड़ने इच्छा जाहिर की है। इस आधार पर बड़े नेताओं के नाम पैनल में शामिल किए गए हैं।

 

#Baghel-Singhdev contest Lok Sabha elections

Source : Agency

पाठको की राय