Tuesday, October 20th, 2026

छत्तीसगढ़-कोरबा में वन रक्षक भर्ती में दौड़ते समय बिगड़ी अभ्यर्थी की तबीयत, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

कोरबा।

वन रक्षक भर्ती में शामिल होने आए अभ्यर्थी की मौत हो गई. दौड़ में हिस्सा लेते हुए अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना अंतर्गत बाना परसाही का रहने वाला 30 वर्षीय सुखसिंह कंवर वन रक्षक परीक्षा का फिजीकल टेस्ट देने के लिए कोरबा आया था.

बरीडीह में रहने वाले रिश्तेदार के घर में रुकने के बाद फिजीकल टेस्ट के लिए प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम पहुंचा था. 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेते समय सुखसिंह की तबीयत बिगड़ गई, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया, और कोरबा रेंजर के साथ सिविल लाइन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटा रहे हैं. मृत अभ्यर्थी के परिजन जय भारत ने बताया कि सुखसिंह वन रक्षक की परीक्षा देने के लिए एक दिन पहले से उसके घर आया था. सुबह पांच बजे परीक्षा देने के लिए निकला था. स्टेडियम में दौड़ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई. इस बात की जानकारी उसने अपने दोस्तों को दी, जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

 

#Chhattisgarh-Korba#Forest Guard Recruitment

Source : Agency

पाठको की राय