Friday, October 23rd, 2026

छत्तीसगढ़-गरियाबंद की किराना दुकानों में लगी आग, लाखों का सामान खाक

गरियाबंद।

दिवाली के जश्न के बीच गरियाबंद जिले में किराना दुकानों में भीषण आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया है, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ. ताजा मामला छुरा थाना क्षेत्र के पंडरीपानी गांव में हरि साहू की किराना दुकान में घटित हुआ. आगजनी के समय दुकानदार का परिवार पूजा कर रहा था.

बताया जा रहा है कि जब एक ग्राहक को सामान दिया जा रहा था, उसी समय दुकान में रखे पेट्रोल के केन से पेट्रोल फैल गया. पेट्रोल के दीपक के संपर्क में आते ही आग भड़क गई और पूरे दुकान में फैल गई. आग की लपटें इतनी तेज थी कि परिवार को जान बचाने के लिए भागना पड़ा. इस आगजनी में मोबाइल समेत लाखों का सामान जलकर खाक हो गया.

कुमहड़ी खुर्द में भी दूकान में लगी आग
बीती रात देवभोग थाना क्षेत्र के कुमहड़ी खुर्द गांव में महेश बीसी की किराना दुकान में भी आग लगने की घटना सामने आई. महेश पूजा करने के बाद घर लौटा ही था कि दीपक से दुकान में आग लग गई. इस हादसे में दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया. घटना की जानकारी देर रात लगी, जिससे समय पर आग पर काबू नहीं पाया जा सका.

दिवाली के पटाखों से भी लगी आग
गरियाबंद कोतवाली क्षेत्र के कुम्हारपारा में दिवाली के पटाखों से एक वेन में आग लग गई, जिससे गाड़ी जलकर खाक हो गई. जिले में आगजनी की इन तीन घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

 

#Chhattisgarh-Gariaband#grocery shops fire

Source : Agency

पाठको की राय