Friday, October 23rd, 2026

छत्तीसगढ़-कोंडागांव में 1.05 लाख रुपये कीमत के पांच-पांच सौ के नकली नोट पकड़े, आरोपी गिरफ्तार

कोंडागांव.

फरसगांव थाना पुलिस ने नकली नोटों की तस्करी में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 500-500 रुपये के कुल 210 नकली नोट बरामद किए गए। इसकी कुल राशि 1.05 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त अपराध में प्रयुक्त एक नीले रंग की बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

28 अक्तूबर 2024 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल रंग के पीठ पर टांगे गए बैग में नकली नोट लेकर माकड़ी की ओर से फरसगांव आ रहा है। सूचना मिलते ही फरसगांव थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए माकड़ी रोड पर पासंगी पुलिया के आगे नाकेबंदी कर दी। थोड़ी देर बाद मुखबिर द्वारा बताए अनुसार नीले रंग की मोटरसाइकिल पर आता हुआ एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेश सोरी, पिता धन्नूराम सोरी, उम्र 32 वर्ष, जाति गोड़, निवासी गुहाबोरण्ड नयापारा, थाना फरसगांव, जिला कोण्डागांव बताया। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें 500-500 रुपये के कुल 200 नकली नोट बरामद हुए। इसके बाद आरोपी ने अपने घर से भी 500-500 रुपये के 10 नकली नोट और बरामद कराए। आरोपी के पास कुल 1.05 लाख रुपये के नकली नोट पाए गए, जिसे वह खपाने की योजना बना रहा था। पर्याप्त सबूतों के आधार पर आरोपी को 28 अक्तूबर 2024 को शाम 5:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 148/2024 धारा 179 बी. एन. एस. के तहत मामला दर्ज कर आज 29 अक्तूबर 2024 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

#Chhattisgarh-Kondagaon#five hundred Fake notes

Source : Agency

पाठको की राय