Monday, October 19th, 2026

छत्तीसगढ़ : डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा- ऐसे माहौल बनाएं कि पुलिस का नाम सुनते ही थर्राए अपराधी

रायपुर.

छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध को देखते हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पुलिस विभाग की पहली बैठक ली। उन्होंने बैठक में प्रदेश में बढ़ रहे अपराध रोकने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे कार्य करें जिसमें जनता में विश्वास और पुलिस का नाम सुनते ही अपराधी थर्राए। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।

उन्होंने विभाग के प्रशासन शाखा, योजना, प्रबंध शाखा और अपराध शाखा सहित अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन की ओर से बनाए गए कानून व्यवस्था का अच्छे तरीके से पालन करते हुए आमजनों को समय पर न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। प्रदेश में तेजी से बढ़ते साइबर क्राइम के लिए पुलिस आधुनिकीकरण के लिए अन्य राज्यों के सफल मॉडल का अध्ययन कर कार्य योजना बनाने कहा गया है। बैठक में पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न शाखाओं से संबंधित अद्यतन जानकारी से गृह मंत्री को अवगत कराया। डिप्टी सीएम शर्मा ने समीक्षा के दौरान नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विशेष सेल बनाने की बात कही है। पुलिस, ड्रग कंट्रोलर एवं नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के मध्य उच्च स्तरीय समन्वय स्थापित कर नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने आधारभूत पुलिसिंग को मजबूत करने कहा।

उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की और प्रो-एक्टिव पुलिसिंग करने साथ ही छोटी सी छोटी घटनाओं एवं अपराधों में कम से कम समय में कार्रवाई पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में भर्ती की प्रक्रिया की पूरी समय सारिणी तय कर समय-सीमा में नियुक्ति करने कहा। शर्मा ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को जल्द से जल्द विभाग के कर्मचारियों के आवास एवं अधोसंरचना के संबंध में कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए।

 

#Deputy CM#Create environment#criminals tremble#hearing police

Source : Agency

पाठको की राय