Thursday, October 22nd, 2026

छत्तीसगढ़-बलौदा बाजार के तालाब में उतराता मिला महिला का शव, आसपास खून के धब्बे और जेब में मिले डेढ़ लाख रुपये

बलौदा बाजार.

बलौदा बाजार जिले के ढाबाडीह गांव में एक संदेहास्पद स्थिति में महिला की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस को सोमवार सुबह सूचना मिली कि बंद पड़े पत्थर खदान के तालाब में महिला का शव तैरता पाया गया है। महिला का शव खदान के तालाब के अंदर पाया गया, लेकिन इसके आसपास खून के धब्बे और घसीटने के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदेहास्पद बन गया है।

बलौदाबाजार पुलिस और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और शव को बाहर निकाला। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला के कुर्ते से तीन गड्डियां बरामद की गईं, जिनमें हर गड्डी में 500-500 रुपये के नोट थे। पुलिस के अनुसार, डेढ़ लाख रुपये बताया जा रहे हैं। यह बरामदगी पूरे मामले को और अधिक जटिल बना रही है, क्योंकि यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत एक हादसा था या फिर किसी साजिश का हिस्सा।

फोरेंसिक टीम और पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल (Forensic Science Laboratory) टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। बलौदाबाजार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के एसडीओपी निधि नाग ने पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के शव के पास खून के धब्बे भी मिले हैं, जो घटना की गंभीरता को दर्शाते हैं। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

क्या हो सकती है घटना की वजह
महिला की लाश के पास से मिले नोटों की गड्डियों ने पुलिस को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि मामला केवल हत्या का नहीं हो सकता। महिला का शव खदान के पानी में मिलने से यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि उसे जानबूझकर इस स्थान पर डाला गया हो सकता है। फिलहाल, पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि ये नोट किसके थे और क्या महिला के साथ किसी प्रकार का अपराध हुआ है। इस रहस्यमय घटना ने इलाके के लोगों में भय और चिंता का माहौल बना दिया है। पुलिस ने आम जनता से किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है।

 

#Chhattisgarh-Baloda Bazar#woman Body

Source : Agency

पाठको की राय