Monday, October 26th, 2026

Chhatrpur News: घनी बस्ती में ब्लास्टिंग से मकानों में आयीं दरारें, मुसीबत में मोहल्लेवासी

छतरपुर
लंबे समय से पन्ना रोड पर बीएसएनएल कॉलोनी के समीप घनी बस्ती के आसपास संचालित हो रहे परिहार स्टोन क्रेशर के कारण यहां के दर्जनों परिवार मुसीबत झेल रहे हैं। गुरूवार की दोपहर साढ़े 3 बजे एक बार फिर यहां रहने वाले लोग एक तेज धमाके से दहल उठे। धमाका इतना भीषण था कि 50-100 मीटर दूर तक मौजूद मकानों में दरारें आ गईं। यहां रहने वाले परिवार एक बार फिर इस क्रेशर को बंद कराने के लिए सड़क पर उतर आए। कलेक्टर संदीप जीआर से मामले की शिकायत करते हुए महिलाओं ने आपबीती सुनाई।

लीज खत्म फिर भी चल रहा क्रेशर
यहां रहने वाले जीतेन्द्र यादव, किशोर सिंह, गिरजादेवी ने बताया कि इस क्रेशर की लीज खत्म हो गई है फिर भी इसे शासन-प्रशासन और नेताओं की मिलीभगत से अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। यहां हर महीने इस तरह तेज ब्लास्टिंग कराई जाती है जिससे मकानों को जमकर क्षति होती है। उन्होंने कहा कि हम लोग कई बार शिकायती आवेदन दे चुके हैं फिर भी क्रेशर संचालक पंकज परिहार की साठगांठ नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों से होने के कारण कोई कार्यवाही नहीं की जाती। इन परिवारों ने कहा कि यदि जल्द ही इस अवैध क्रेशर को बंद नहीं कराया गया तो अब हम लोग कलेक्टर कार्यालय के सामने आमरण अनशन करेंगे।

 

#Chhatrpur News

Source : Agency

पाठको की राय