Wednesday, October 21st, 2026

छठ पर्व : जूते पहने पूजन पर ट्रोल हुए सांसद गणेश सिंह

भोपाल
प्रदेश में छठ मइया की पूजा को लेकर आज सुबह से गांवों और शहरों में तालाबों पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। छठ पूजा चार दिनों का पर्व 11 नवंबर को प्रात: अर्घ्य यानी उगते हुए सूर्य की पूजा के साथ छठ पूजा संपन्न हो गया।  इस बीच सतना सांसद गणेश सिंह छठ पूजा कर रहे श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर जूता पहनकर पूजन करने के मामले में श्रद्धालुओं के निशाने पर आ गए।

जूता पहनकर पूजन को छठ मइया का अपमान बताते हुए सांसद से माफी की मांग की गई है। सतना के संतोषी माता मंदिर तालाब में छठ पूजा पर बिहार के रहने वाले नागरिकों द्वारा पूजन किया जा रहा था। इस दौरान सांसद गणेश सिंह वहां छठ पूजा की डलिया लेकर पहुंचे और वहां छठ पूजा में शामिल हुए। इस दौरान वे जूते पहने हुए थे। इसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसके बाद कांग्रेस ने सांसद सिंह पर बिहार की माताओं और धर्मावलंबियों की आस्था से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए पूजा में भी राजनीति करने का आरोप लगाया है।

छठ मइया की पूजा नंगे पांव की जाती है। पूजन करने वाले श्रद्धालु तालाब में कमर तक पानी में जाकर सूर्य भगवान को अर्ध्य देते हैं।  चार दिन तक चलने वाला छठ महापर्व मुख्यत: बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में लोग मनाते हैं। महापर्व के तीसरे दिन शाम को व्रती निर्जला रहकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं जबकि चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन होता है।

 

#Chhath festival

Source : Agency

पाठको की राय