Sunday, October 25th, 2026

शतरंज ओलम्पियाड टॉर्च रिले आज पहुंचेगी रायपुर, ग्रैंड मास्टर प्रवीण मुख्यमंत्री को सौपेंगें टार्च रिले

रायपुर
शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले शनिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेगी। इसके स्वागत की भव्य तैयारियां की गई हैं। चेस ओलम्पियाड टॉर्च रिले को स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में सवेरे 8.40 बजे ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से लेकर आएंगे। माना विमानतल में स्वागत के बाद तेलीबांधा चौक में  स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत एवं नगर घड़ी चौक में ओलिंपिक खेल संघ के पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया जाएगा। इस दौरान जयस्तंभ चौक में आमजनों को सेल्फी लेने का मौका भी दिया जाएगा। टॉर्च रिले शहर के भ्रमण के बाद सुबह 10.30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय आॅडिटोरियम पहुंचेगी। आडिटोरियम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आतिथ्य में स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से मुख्यमंत्री बघेल को टार्च रिले सौपेंगे।

गौरतलब है कि शंतरंज ओलंपियाड के 95 साल के इतिहास में भारत को पहली बार 44वें शतरंज ओलंपियाड की मेजबानी मिली है। यह भारत में आयोजित होने वाला अब तक का सबसे बड़ा खेल आयोजन होगा। इस शतरंज ओलंपियाड में 188 देश शामिल होने की संभावना है। आजादी के 75 वें अमृत महोत्सव के अंतर्गत देश के 75 शहरों में 19 जून से 28 जुलाई तक शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले आयोजित की जा रही है। यह टॉर्च रिले नई दिल्ली से प्रारंभ होकर विभिन्न राज्यों का भ्रमण करते हुए 16 जुलाई को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुुर पहुंचेगी। रायपुर से शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले चेन्नई पहुंचेगी।

 

#Chess Olympiad Torch

Source : Agency

पाठको की राय