Tuesday, October 20th, 2026

शतरंज ओलंपियाड: भारत की पुरुष टीम ने हंगरी बी और महिला टीम ने स्विट्जरलैंड को हराया

बुडापेस्ट
 भारत की पुरुष टीम ने प्रतियोगिता में पहली बार अंक गवाया लेकिन इसके बावजूद उसने हंगरी बी को 3.5-0.5 से हराकर यहां चल रहे 45वें शतरंज ओलंपियाड में अपना विजय अभियान जारी रखा।

ओपन वर्ग में भारतीय टीम की जीत के नायक अर्जुन ऐरीगैसी रहे जिन्होंने पीटर प्रोहाज़स्का के खिलाफ आक्रामक खेल खेला और शानदार जीत दर्ज की।

विदित गुजराती को हालांकि पप्प गैबोर के खिलाफ ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। वर्तमान प्रतियोगिता में यह पहला अवसर है जबकि कोई भारतीय पुरुष खिलाड़ी जीत हासिल करने में असफल रहा।

लेकिन डी गुकेश ने एडम कोज़ाक को और आर प्रज्ञाननंदा ने तमस बानुज़ को हराकर भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित की।

महिला वर्ग में शीर्ष बोर्ड पर डी. हरिका की करारी हार के बावजूद आर वैशाली, दिव्या देशमुख और वंतिका अग्रवाल ने शानदार जीत दर्ज की जिससे भारतीय टीम स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराने में सफल रही। भारतीय महिला टीम अभी छह अंकों के साथ संयुक्त बढ़त पर है।

हरिका हाल ही में रूस की नागरिकता छोड़कर स्विट्जरलैंड की टीम में शामिल होने वाली एलेक्जेंड्रा कोस्टेनीयुक से हार गईं।

वैशाली ने हालांकि ईरान की नागरिकता छोड़कर स्विस टीम का हिस्सा बनने वाली ग़ज़ल हकीमीफर्ड को कोई मौका नहीं दिया।

दिव्या ने अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा। हाल में लड़कियों की विश्व जूनियर चैंपियनशिप जीतने वाली दिव्या ने सोफिया ह्रीज़लोवा के खिलाफ आसान जीत दर्ज की, जबकि चौथे बोर्ड पर वंतिका ने मारिया मानको को हराया।

इस दिन ओलंपियाड में पहला बड़ा उलटफेर भी हुआ जब पांचवीं वरीयता प्राप्त नीदरलैंड को ओपन वर्ग में इटली ने 3-1 से हरा दिया। नीदरलैंड के स्टार खिलाड़ी अनीश गिरी को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा और यही उनकी पराजय का कारण भी बना।

ओपन वर्ग और महिला वर्ग दोनों में 16-16 टीम समान छह अंक लेकर संयुक्त बढ़त पर हैं। भारतीय पुरुष टीम का अगला मुकाबला सर्बिया से जबकि महिला टीम का फ्रांस से होगा।

 

 

 

#Chess Olympiad

Source : Agency

पाठको की राय