Thursday, October 22nd, 2026

छपरा: स्वर्ण व्यवसायी की निर्मम हत्या, सिर व गले पर चाकू से किए कई वार

छपरा
सारण जिले में एक स्वर्ण व्यवसायी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक अरूण कुमार साह (45) भेल्दी थाने के जाफरपुर गवन्द्री गांव के निवासी हैं। वारदात बुधवार रात की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में सोनपुर रेलवे डिविजन में लोको पायलट आशीष श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार भेल्दी थाने के कटसा बाजार के सुतिहार रोड स्थित अविनाश ज्वेलर्स के मालिक अरूण कुमार साह बुधवार की देर शाम अपनी ज्वेलरी दुकान को बंद कर अपने घर जाफरपुर गवन्द्री पहुंचे। घर पर एक घंटे रूकने के बाद आशीष श्रीवास्तव नामक युवक के साथ जोगनी परसा गांव में एक शादी समारोह में नेवता करने के लिए निकले। आशीष श्रीवास्तव ने मृतक के रिश्तेदार के यहां फोन कर बताया कि जोगनी परसा में अरूण के साथ कुछ लोग झगड़ा कर रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद परिजन जोगनी परसा के लिए निकले तो देखा कि जोगनी परसा मही नदी के किनारे खून से लथपथ अरूण का शव व बाइक पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। अरूण के सिर व गले पर चाकू से अनगिनत वार किए गए थे। इतने वीभत्स तरीके से हत्या की गई थी कि शव को पहचान पाना भी मुश्किल था। आशीष श्रीवास्तव को पुलिस हिरासत में सीएचसी गड़खा में इलाज कराने के बाद गहन पूछताछ की जा रही हैं। सदर अस्पताल छपरा से पोस्टमार्टम होने के बाद अरूण का शव घर जाफरपुर गवन्द्री में पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पति का शव देखते ही पत्नी संजू देवी बेहोश होकर गिर पड़ी। वह जब भी होश में आती पति के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगती। मां शांति देवी पिता रामकृपाल साह, भाई पिंटू साह, पुत्री रिया, पल्लवी व इकलौते पुत्र अविनाश कुमार का रो रोकर बुरा हाल था।

 

 

#Chapra

Source : Agency

पाठको की राय