Friday, October 23rd, 2026

चेम्बर का प्रतिनिधि मंडल मिला मुख्य सचिव से

रायपुर
छत्तीसगढ़़ चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी के नेतृत्व में चेम्बर का प्रतिनिधि मंडल मुख्य सचिव अमिताभ जैन से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दिये गये पत्र के संबंध में मुख्य सचिव से रायपुर डूमरतराई स्थित थोक बाजार व बिलासपुर के व्यापार विहार जैसे प्रदेश के सभी जिलों में थोक बाजार के लिये स्थान चयन कर होलसेल कारीडोर निर्माण कराने के संबंध में एवं चेम्बर भवन हेतु रियायती दर पर भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

श्री पारवानी ने मुख्य सचिव अमिताभ जैन से चर्चा करते हुए आगे बताया कि छत्तीसगढ़ चेम्बर आॅफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज देश के प्रमुख चेम्बर आॅफ  कामर्स में से भारतवर्ष का सबसे अधिक सदस्य संख्या वाला चेम्बर है । वर्तमान में इसके 18000 से अधिक आजीवन सदस्य एवं 135 संघ सदस्य के साथ ही छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न जिलों में इकाईयां कार्यरत है। छत्तीसगढ़ चेम्बर व्यापारियों एवं उद्योगपतियों का एक प्रतिनिधि संस्था है जो व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के हितसंवर्धन हेतु संवाद के माध्यम से शासन-प्रशासन के मध्य सेतु का कार्य करता है ।

मुख्यमंत्री की सहृदयता व सहानुभूति के चलते व्यापारिक हितों में महत्वपूर्ण फैसले हुए हैं, व्यापारियों व सरकार के बीच मजबूत कड़ी के रूप में निरंतर कार्य करने के लिये छत्तीसगढ़ चेम्बर को अपने कार्यालय की आवश्यकता है, जिसके लिये राजधानी रायपुर में रियायती दर पर भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की गई, जिससे कि प्रदेश के व्यापारियों के लिये सुव्यवस्थित एवं सर्वसुविधायुक्त कार्यालय स्थापित हो सके। प्रतिनिधि मंडल में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी, कार्यकारी अध्यक्ष- राजेन्द्र जग्गी,राम मंधान, उपाध्यक्ष-अमर धिंगानी, मंत्री-नीलेश मूंधड़ा, प्रमुख रूप से शामिल थे।

 

#Chamber

Source : Agency

पाठको की राय