CET DAVV: एनआरआइ कोटे के विद्यार्थियों की पहले होगी काउंसिलिंग
इंदौर
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) सोमवार तक कामन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) का रिजल्ट जारी कर सकता है। इसके बाद देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (देअवीवी) काउंसिलिंग को लेकर शेड्यूल जारी करेंगी। अधिकारियों के मुताबिक एनआरआइ कोटे की सीटों पर पहले प्रवेश दिया जाएगा। आवेदकों को दस्तावेज लेकर बुलाया जाएगा। इस बीच बाकी सीटों के लिए छात्र-छात्राओं के आवेदन मांगे जाएंगे।
31 अगस्त और चार सितंबर को दो चरण में हुई सीईटी में 14 हजार विद्यार्थी शामिल हुए। माडल आंसरशीट अपलोड होने के बाद तीन दिन के भीतर सात प्रश्नों पर विद्यार्थियों ने आपत्तियां उठाई। एजेंसी ने इनका समाधान कर दिया है। सात दिन में विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया। एजेंसी ने विश्वविद्यालय को 20 सितंबर तक रिजल्ट देने की बात कहीं। डाटा अगले दो दिन में विश्वविद्यालय को उपलब्ध होगा। 2515 सीटों के लिए काउंसिलिंग होना है। इसके लिए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
पांच दिन आवेदन करने के लिए दिया जाएगा, जबकि एनआरआइ कोटे की 60 से ज्यादा सीटों पर प्रवेश पहले किए जाएंगे। इन सीटों पर सिर्फ 20-22 आवेदन आए है। सूत्रों के मुताबिक काउंसिलिंग के लिए छात्र-छात्राओं के रजिस्ट्रेशन के दौरान एनआरआइ कोटे पर प्रवेश की प्रक्रिया की जाएगी। ताकि एनआरआइ की खाली सीटों को जनरल सीटों में तबदील किया जा सके। सीईटी चेयरमैन डा. कन्हैया आहूजा का कहना है कि काउंसिलिंग का शेड्यूल वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
काउंसिलिंग का पहले चरण पूरा होते ही फर्स्ट ईयर के विद्यार्थियों की कक्षाएं शुरू की जाएगी। इसके बाद खाली सीटों के लिए दूसरा चरण रखा जाएगा। आफलाइन काउंसिलिंग के लिए सोमवार को टीम बनाई जाएगी। कमेटी की बैठक में सदस्यों का नाम तय होगा।

पाठको की राय