Wednesday, October 21st, 2026

केंद्र ने भारत-चिली कृषि सहयोग के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर को दी मंजूरी

नई दिल्ली
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को कृषि और इससे संबद्ध क्षेत्रों में सहयोग के लिए भारत और चिली के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर को मंजूरी दे दी।

इस एमओयू में सहयोग के मुख्य क्षेत्रों में आधुनिक कृषि के विकास के लिए कृषि नीतियां, जैविक उत्पादों के द्विपक्षीय व्यापार को सुविधाजनक बनाने के लिए जैविक कृषि, दोनों देशों में जैविक उत्पादन को विकसित करने के उद्देश्य से नीतियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना, विज्ञान और नवाचार के जरिये साझेदारियों के अवसर तलाशना शामिल है।

इससे भारत और चिली के संस्थानों के बीच कृषि क्षेत्र में नवोन्मेषण को बढ़ावा दिया जा सकेगा, और एक जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए सहयोग लिया जा सके। इस एमओयू के तहत, चिली-भारत कृषि कार्यसमूह का गठन किया जाएगा जो इसके कार्यान्वयन के पर्यवेक्षण, समीक्षा और आकलन के साथ-साथ लगातार संचार व समन्वय स्थापित करने के लिए जिम्मेदार होगा।

इस कृषि कार्यसमूह की बैठकें चिली और भारत में बारी-बारी से वर्ष में एक बार आयोजित की जाएंगी। हस्ताक्षर के बाद ये समझौता ज्ञापन लागू होगा और अपने निष्पादन की तारीख से पांच साल की अवधि के लिए लागू रहेगा, जिसके बाद इसे स्वतः पांच साल की अवधि के लिए बढ़ा दिया जाएगा।

 

 

#भारत-चिली कृषि सहयोग

Source : Agency

पाठको की राय