Sunday, October 25th, 2026

राजधानी में ईद-उल-फितर का जश्न, ईदगाह पर सवा लाख नमाजियों ने पढ़ी नमाज

भोपाल
कोरोना की तीसरी लहर का प्रकोप खत्‍म होने के बाद भोपाल शहर में विभिन्‍न सामाजिक, धार्मिक, सांस्‍कृतिक कार्यक्रम पहले की तरह फिर से शुरू होने लगे हैं. आज मंगलवार को देशभर में ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जा रहा है. इस बीच राजधानी भोपाल में ईद को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला. भोपाल के मुख्य इबादत स्थल ईदगाह में सुबह 7 बजे, जामा मस्जिद और हज हाउस की मस्जिद में सुबह 7.15 बजे, ताज-उल-मसाजिद में सुबह 7.30 बजे और मोती मस्जिद में 7:45 बजे ईद की नमाज अदा की गई.

सीएम शिवराज ने दी ईद की मुबारकबाद
मुस्लिम समुदाय में ईद का पर्व बेहद ही खास है और इसे पूरे हर्सोल्लास के साथ मनाया जाता है. इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सभी देशवासियों को ईद की बधाई दी. सीएम शिवराज ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'आपको ईद की मुबारकबाद! प्रेम, खुशहाली, समृद्धि और सौहार्द का यह पर्व आपके जीवन में अपार खुशियां लाये, दिलों में प्यार बढ़ाये, अपनत्व और आनंद में वृद्धि हो, यही शुभकामनाएं!'

गृहमंत्री का प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
ईद के मौक पर भोपाल में अलग-अलग मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा की है. इस बीच मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए सभी प्रदेशवासियों को ईद की बधाई दी. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'आपसी भाईचारे और स्नेह के पवित्र पर्व ईद-उल-फितर की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं.

सवा लाख नमाजियों ने अदा की नमाज
खुशी के माहौल को कोई बिगाड़ने की कोशिश ना करे, इसकी भी पूरी तैयारी की गई है. ईद के मौके पर मंगलवार को सुबह राजधानी भोपाल की जामा मस्जिद में लोगों ने नमाज पढ़कर अल्लाह से शांति और खुशहाली की दुआएं कीं. इस मौके पर तमाम राजनीतिक हस्तियों ने देशवासियों को बधाई दी है. इसके साथ ही हर जगह पुलिस तैनात किए गए हैं. ईदगाह पर करीब सवा लाख नमाजियों ने एक साथ नमाज पढ़ी.

 

Source : Agency

पाठको की राय