Saturday, October 24th, 2026

प्रत्येक निकाय का भव्य एवं गरिमामय मनायें

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में शासन द्वारा प्रत्येक नगरीय निकाय में संबंधित निकायों द्वारा निर्धारित दिवस पर "नगर गौरव दिवस" मनाने का निर्णय लिया गया है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने सभी नगर निगम कमिश्नर और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गौरव दिवस पर भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम करें।

मंत्री सिंह ने कहा है कि नगर गौरव दिवस पर विशिष्टजन, मेधावी और नगर को सम्मान दिलाने वालों को सम्मानित करें। साथ ही स्वच्छता एवं जल-संरक्षण संबंधी गतिविधियों से नागरिकों को जोड़ने, गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करते हुए नागरिकों की सहभागिता की जा सकती है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री चौहान की मंशा अनुरूप नगर गौरव दिवस का कार्यक्रम करना सुनिश्चित करें और इसकी जानकारी भी भेजें।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने कहा है कि सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक गौरव, सुदृढ़ अधो-संरचना, मूलभूत सुविधाओं और बेहतर जीवनशैली के आधार पर प्रदेश के प्रत्येक शहर ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस पर शहर के नागरिकों को गर्व है। नगर के प्रति आत्म-गौरव के इस भाव को शहर के प्रत्येक नागरिक में विकसित करने और शहर के चहुँमुखी विकास में नागरिकों की सहभागिता प्राप्त करने के लिये नगर गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश भी शासन द्वारा जारी किये गये हैं।

 

 

#नगर गौरव दिवस

Source : Agency

पाठको की राय