Saturday, October 24th, 2026

CBI ने खोज निकाली ऑटो चालक के साथी राहुल की कुंडली, पुलिसकर्मी को किया गया सस्पेंड

धनबाद
जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद के मामले की जांच कर रही सीबीआई ने ऑटो चालक के साथी राहुल की कुंडली खोज निकाली है। कुंडली बाहर आते ही सबसे पहली गाज पुलिसकर्मी पर गिरी है। उसे सस्पेंड कर दिया गया है। जज को टक्कर मारने से पहले ऑटो चालक लखन वर्मा के सहयोगी राहुल वर्मा ने हिल कॉलोनी से मोबाइल की चोरी की थी। 27 जुलाई की रात उसने रेलवे के आउट हाउस में रहने वाले पूर्णेंदु विश्वकर्मा नामक व्यक्ति के तीन मोबाइल की चोरी की थी। पूर्णेंदु ने मामले की शिकायत अगले दिन धनबाद थाने को दी थी लेकिन थाना में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इस मामले में गुरुवार को एसएसपी संजीव कुमार ने धनबाद थाना के साक्षर सिपाही विजय यादव को सस्पेंड कर दिया।  सीबीआई जांच में इस चोरी का खुलासा हुआ। दरअसल राहुल के मोबाइल सिम से खुलासा हुआ था कि उसने एक साल में दो दर्जन से अधिक मोबाइल सेट का प्रयोग किया है। सीबीआई ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने स्वीकारा कि उसने अलग-अलग जगहों से मोबाइल की चोरी की थी। जब उसने बताया कि सुबह पांच बजे जज को टक्कर मारने से ठीक पहले उसने हिल कॉलोनी से मोबाइल चुराया था तो सीबीआई की टीम सत्यापन करने हिल कॉलोनी स्थित पूर्णेंदु की आउटहाउस पहुंची।

पूर्णेंदु से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत धनबाद थाने में की थी। उन्होंने थाने में रिसीव किया एक आवेदन भी दिखाया। जब धनबाद थाने में जानकारी ली गई तो पता चला कि इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं है। फौरन पूर्णेंदु की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई। साथ ही सनहा रीसिव करने के बावजूद एफआईआर नहीं करने के आरोप में विजय यादव को निलंबित किया गया।
 

 

#CBI

Source : Agency

पाठको की राय