Sunday, October 25th, 2026

CBI ने रेलवे सीनियर मैकेनिकल इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा

भोपाल
सीबीआई की भोपाल यूनिट ने रेलवे के सीनियर डिजीजनल मैकेनिकल इंजीनियर को  पचास हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सीनियर डिजीजनल मैकेनिकल इंजीनियर  अजय कुमार ताम्रकार ने यह रिश्वत रेलवे के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से ली थी। ताम्रकार इटारसी में पदस्थ हैं। जहां पर उनके बंगले पर ही सीबीआई ने उन्हें रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।

जानकारी के अनुसार इटारसी में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की शिकायत हुई थी। इसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया। वापस नौकरी पर रखने के लिए उसने ताम्रकार से गुहार लगाई। जिस पर ताम्रकार ने उससे साढ़े तीन लाख रुपए रिश्वत देने की मांग की। इस राशि में से रविवार को पचास हजार रुपए देना तय हुए।

इसी बीच उस कर्मचारी ने सीबीआई की भोपाल यूनिट को शिकायत कर दी। इसके बाद जैसे ही रविवार को उस कर्मचारी ने ताम्रकार को यह राशि दी, वैसे ही सीबीआई के डीएसपी अतुल हजेला, इंस्पेक्टर सतीश बरवाल, विजय मेहता और उपनिरीक्षक अभिषेक सोनकर और सुभाष तोमर ने ताम्रकार को पकड़ लिया।

 

#CBI

Source : Agency

पाठको की राय