Friday, October 23rd, 2026

बिहार में एक साथ शुरू होगी जाति आधारित गणना, डेट फाइनल; नीतीश सरकार ने जारी की तारीख

 पटना 

बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने 7 जनवरी से शुरू हो रही जाति आधारित गणना की तैयारियों के मद्देनजर सभी जिलों के डीएम के साथ समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े मुख्य सचिव ने पूरे राज्य में एक साथ गणना कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। 

आमिर सुबहानी ने इसकी तैयारी से संबंधित हर पहलू का जायजा लिया। उन्होंने सभी जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि वे जाति गणना को समय पर पूरा करने के लिए पूरे मनोयोग के साथ काम करें, ताकि यह निर्धारित समय पर हर हाल में पूरा हो सके। इसे करने में किसी तरह की त्रुटि नहीं हो, इसका खासतौर से ध्यान रखने के लिए कहा गया है। गणना कार्य में जुटे सभी कर्मचारियों की भी समुचित ट्रेनिंग और इनके कार्यों की सही तरीके से मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। गणना कार्य से जुड़े डाटा को एकत्र करके ससमय सामान्य प्रशासन विभाग में भेजने के लिए कहा गया है, जिससे इसकी प्रोसेसिंग सही तरीके से हो सके।

उन्होंने एक-एक कर सभी जिलाधिकारियों से गणना से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारियों ने उन्हें बताया कि जिलों में तैयारी पूरी कर ली गई है। मुख्य सचिव को सभी डीएम ने बताया कि गणना करने वाले कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिलाधिकारी स्वयं इस कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं, मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि जाति आधारित गणना को लेकर दिये गए दिशा-निर्देश के अनुरूप हर कार्य हो, इसे सुनिश्चित करें। गणना कार्य में कोई त्रुटि और लापरवाही नहीं हो, इसका सभी पूरा ख्याल रखेंगे। 

 

Source : Agency

पाठको की राय