Friday, October 23rd, 2026

आयुष्मान योजना के तहत 1 अप्रैल से श्रमिकों का कैशलेस इलाज

भोपाल

प्रदेश में श्रमिकों को 1 अप्रैल से कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए मध्यप्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार मंडल में दर्ज 12 लाख 50 हजार निर्माण श्रमिकों को आयुष्मान योजना से जोड़ने पर काम चल रहा है। मजदूरों के परिवार को सालाना पांच लाख रुपए तक के फ्री इलाज की सुविधा मिलेगी। आयुष्मान भारत निरामयम सोसाइटी से कर्मकार मंडल ने इसको लेकर अनुबंध किया है।

कर्मकार मंडल में दर्ज श्रमिकों के परिवारों को कार्ड बनाकर फ्री इलाज की सुविधा दी जाएगी। कर्मकार मंडल में रजिस्टर्ड निर्माण श्रमिकों का डाटा आयुष्मान योजना के पोर्टल से जोड़ा जा रहा है। करीब 7.50 लाख श्रमिकों का डाटा लगभग तैयार हो चुका है। इन्हें कार्ड बनाकर उपलब्ध कराए जाएंगे।

ऐसे बनेंगे कार्ड

आयुष्मान भारत निरामयम सोसाइटी के सीईओ अनुराग चौधरी ने बताया कि कर्मकार मंडल में पंजीकृत भवन, सड़क, सरकारी योजनाओं में लगे मजदूरों सहित असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कार्ड बनाकर दिए जाएंगे। इसके लिए कंस्ट्रक्शन साइट्स पर कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा कर्मकार मंडल के कार्डधारी मजदूर अपना श्रमिक कार्ड, आधार कार्ड और समग्र आईडी लेकर कियोस्क सेंटर पर भी कार्ड बनवा सकते हैं।

मजदूरों को होगा ये फायदा

कई बार निर्माण कार्य के दौरान मजदूर घायल हो जाते हैं। ऊंचाई पर काम करते वक्त मजदूरों के घायल होने के बाद वे आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पाते। मप्र में 90 प्रतिशत असंगठित क्षेत्र के श्रमिक हैं। ऐसे में इन्हें आयुष्मान योजना से फ्री इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

इलाज का खर्च वहन करेगा कर्मकार मंडल

आयुष्मान योजना से निर्माण श्रमिकों के इलाज पर होने वाले खर्च को कर्मकार मंडल वहन करेगा। प्रति मजदूर करीब 1052 रुपए की राशि सालाना प्रीमियम के तौर पर कर्मकार मंडल द्वारा निरामयम सोसाइटी में जमा की जाएगी। इधर आयुष्मान योजना में इस स्कीम को लेकर विशेष तौर पर तैयारियां की जा रहीं हैं।

 

#आयुष्मान योजना

Source : Agency

पाठको की राय