Friday, October 23rd, 2026

सपा विधायक समेत 4 लोगों पर मामला दर्ज

बरेली (उप्र).
बरेली जिले की बहेड़ी सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अताउर रहमान और तीन अन्य के खिलाफ एक व्यक्ति की हत्या की कोशिश करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। आरोप है कि बहेड़ी सीट से सपा विधायक ने रफीक अहमद, रईस अहमद और आसिम नामक व्यक्तियों की मदद से रविवार को अनीस अहमद और आसिम खान को जाफरी चौराहा स्थित अपने कार्यालय में पीटा।

पुलिस उपमहानिरीक्षक अखिलेश कुमार चौरसिया ने सोमवार को बताया कि सपा विधायक समेत चारों अभियुक्तों के खिलाफ अनीस अहमद की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोप है कि विधायक ने पीड़ितों को दूसरे पक्ष के साथ भूमि विवाद को निपटाने के लिए अपने कार्यालय में बुलाया, लेकिन सुलह समझौते के बजाय उनके साथ मारपीट की गई और जब उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की तो उन्हें गोली मारने का प्रयास किया गया। इस बीच, सपा विधायक रहमान ने कहा कि समझौता नहीं होने पर दोनों पक्ष खुद उनके कार्यालय पहुंचे थे और फिर लौट गए थे। उनके साथ मारपीट किए जाने के आरोप गलत हैं। बहरहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

#Case filed

Source : Agency

पाठको की राय