Wednesday, October 21st, 2026

पटना में 27 छात्राओं से भरी स्कूल बस से टकराई कार, ड्राइवर पर हमला; शीशे तोड़े

 पटना
बिहार की राजधानी पटना में सड़कों पर लोग मामूली बात पर हिंसक होते जा रहे हैं। कंकड़बाग इलाके में रोड रेज का एक ऐसा ही मामला सामने आया है। राजेंद्र नगर पुल पर जाम में फंसी स्कूल बस में कार चालक ने पहले टक्कर मारी। इसके बाद उल्टा उसने बस चालक के साथ मारपीट की और ईंट से बस के शीशे तोड़ दिए। इस कारण स्कूल बस में सवार 27 छात्राएं बुरी तरह सहम गईं।

घटना में स्कूल बस चालक को चोटें आई और वहीं डर से बच्चियां चीखने लगीं। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना राजेंद्र नगर पुल चौराहे के समीप की है। छुट्टी होने के बाद निजी मिशनरी स्कूल की बस 24 नवंबर की दोपहर छात्राओं को छोड़ने उनके घर जा रही थी।

बस में 27 छात्राएं सवार थीं। राजेंद्र नगर पुल पर जाम के कारण रूट संख्या 109 की बस सड़क पर खड़ी थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आई क्रेटा कार ने बस के अगले हिस्से में टक्कर मार दी। इसके बाद कार ड्राइवर उतर कर आया और बस चालक से गाली-गलौच करने लगा। इसी दौरान कार ड्राइवर ने बस चालक पिंकू कुमार की बुरी तरह पिटाई कर दी और ईंट से बस पर हमला कर दिया। बस के शीशे तोड़ दिए गए। इस घटना में कुछ छात्राओं को चोटें भी आई हैं। 

पिंकू कुमार ने बताया कि मारपीट और बस पर हमला होता देख छात्राएं बुरी तरह डर गईं और चीखने लगीं। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। चालक की शिकायत पर इस संबंध में कंकड़बाग थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
 

 

#स्कूल बस से टकराई कार

Source : Agency

पाठको की राय